कोच्चि, 27 फरवरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी डी सतीशन ने बृहस्पतिवार को केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के नेतृत्व में किसी भी तरह के बदलाव की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि अगर पार्टी में इस तरह की कोई चर्चा हो रही होती तो उन्हें इसकी जानकारी होती।
सतीशन ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केपीसीसी प्रमुख के रूप में के. सुधाकरन को बदलने के संबंध में पार्टी में कोई चर्चा नहीं हुई है और पार्टी नेताओं के बीच कोई मतभेद नहीं है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने केरल, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम सहित उन सभी राज्यों के पीसीसी के नेताओं को चुनाव की रूपरेखा पर चर्चा के लिए दिल्ली बुलाया है, जहां 2026 में विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन आप (मीडिया) इसे ऐसे पेश कर रहे हैं जैसे कि केपीसीसी में कोई समस्या है। हमारे बीच कोई समस्या नहीं है। कोई मतभेद नहीं है।’’ सतीशन ने आगे कहा कि कांग्रेस आलाकमान पीसीसी के नेतृत्व में बदलाव का फैसला करता है।
उन्होंने कहा, ‘‘वे सही समय पर सही फैसला लेंगे। इस बारे में यहां या दिल्ली में कोई चर्चा नहीं हो रही है।’’
उनकी यह प्रतिक्रिया कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य शशि थरूर के बयान के एक दिन बाद आई है। थरूर ने अपने बयान में केपीसीसी प्रमुख के रूप में सुधाकरन के पद पर बने रहने का जोरदार समर्थन किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY