देश की खबरें | दिल्ली में सामूहिक बलात्कार के मामले में वांछित युवक को उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से गिरफ्तार किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एक किशोरी से कथित सामूहिक बलात्कार के मामले में वांछित 23 वर्षीय युवक को उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, पांच अगस्त एक किशोरी से कथित सामूहिक बलात्कार के मामले में वांछित 23 वर्षीय युवक को उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि 23 जून को किशोरी से दो लोगों ने कथित रूप से सामूहिक बलात्कार किया और इसके बाद उसी दिन जब वह घर लौट रही थी तो तीन अन्य लोगों ने उससे दुष्कर्म किया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, किशोरी ने आरोप लगाया है कि उसके परिचित दो लोगों मोहम्मद मिराज और एक नाबालिग ने पहले उसे शारीरिक चोटें पहुंचाईं फिर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया।

अधिकारी ने बताया कि जब किशोरी घर लौट रही थी तो रास्ते में उसके मामा मिले जिन्हें उसने सारी घटना बता दी। किशोरी के मामा ने दो अन्य लोगों करन सिंह और एक नाबालिग को उसे घर छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद दोनों उसे एक कमल सिंह नाम के व्यक्ति के घर ले गए, जहां तीनों ने उससे सामूहिक बलात्कार किया।

विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने बताया कि किशोरी के बयान के आधार पर पांचों आरोपी के खिलाफ यहां स्वरूप नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर किया गया है। इस मामले में मिराज और दो नाबालिगों को पहले ही पकड़ लिया गया था जबकि करन और कमल फरार चल रहे थे।

यादव ने कहा कि करन के छिपने के ठिकाने के बारे में एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को मैनपुरी के मकरंदपुर गांव में छापा मारकर करन को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि करन स्वरूप नगर का निवासी है और वह इससे पहले हत्या के प्रयास, झपटमारी,चोरी और हथियार कानून के पांच मामलों में शामिल था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\