देश की खबरें | मुझे कहानी ब्रांड की ओर आकर्षित करती है, पैसा नहीं: आलिया भट्ट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आलिया भट्ट ने बुधवार को कहा कि जब किसी व्यावसायिक विचार को समर्थन करने की बात आती है, तो ब्रांड के पीछे की ‘कहानी’ उन्हें आकर्षित करती है, पैसा नहीं।
नयी दिल्ली, 12 जुलाई अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आलिया भट्ट ने बुधवार को कहा कि जब किसी व्यावसायिक विचार को समर्थन करने की बात आती है, तो ब्रांड के पीछे की ‘कहानी’ उन्हें आकर्षित करती है, पैसा नहीं।
आलिया प्राइम वीडियो के ‘मिशन स्टार्ट अब’ की शुरुआत के मौके पर दिल्ली आई थीं। भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार (पीएसए) के कार्यालय के साथ साझेदारी में यह व्यापार आधारित वेब श्रृंखला बनाई गयी है।
बच्चों के परिधान ब्रांड ‘एड-ए-मम्मा’ की संस्थापक ने कहा कि वह हमेशा सबसे पहले कहानी कहने वाली ही रहेंगी। उन्होंने 2021 में अपना प्रोडक्शन बैनर ‘इटर्नल सनशाइन प्रोडक्शन्स’ शुरू किया था।
उन्होंने यहां कार्यक्रम में कहा, ‘‘पैसे की बात नहीं है। मुझे किसी ब्रांड में निवेश के लिए, उसका समर्थन या उसे बनाने के लिए पैसा आकर्षित नहीं करता। मुझे कहानी आकर्षित करती है। मैं सबसे पहले कहानीकार हूं। हमेशा कहानी पहले होती है।’’
आलिया ने अपने एक नये ब्रांड की योजना के बारे में भी बताया जिसमें खिलौने, देखभाल की सामग्री आदि होगी।
‘मिशन स्टार्ट अब’ के बारे में अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस वेब श्रृंखला की कहानियां उन्हें चौंकाएंगी और प्रेरित करेंगी।
यह सात एपिसोड की श्रृंखला है जिसमें ऐसे उद्यमियों के बारे में दिखाया जायेगा जिन्होंने सामाजिक-आर्थिक बदलाव लाने की क्षमता वाले ऐसे नवाचारों पर ध्यान केंद्रित किया जो भारत के लिए गढ़े गये हों।
समारोह में भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद, प्राइम वीडियो के भारत के निदेशक सुशांत श्रीराम, अमेजॉन इंडिया के सार्वजनिक नीति के उपाध्यक्ष चेतन कृष्णस्वामी और प्राइम वीडियो की प्रमुख (इंडिया ऑरिजिनल्स) अपर्णा पुरोहित ने भाग लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)