जरुरी जानकारी | शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में आई तेजी, सेंसेक्स 179 अंक से अधिक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों में कमजोर रूख के बावजूद सूचना प्रौद्योगिकी, धातु तथा ऊर्जा कंपनियों के शेयरों में लिवाली की वजह से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को उछाल आया और इस दौरान सेंसेक्स 179 अंक से अधिक चढ़ गया।
मुंबई, 12 अक्टूबर वैश्विक बाजारों में कमजोर रूख के बावजूद सूचना प्रौद्योगिकी, धातु तथा ऊर्जा कंपनियों के शेयरों में लिवाली की वजह से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को उछाल आया और इस दौरान सेंसेक्स 179 अंक से अधिक चढ़ गया।
तीन कारोबारी सत्रों में गिरावट के बाद बुधवार को 30 शेयरों वाले बीएसई सेंसेक्स ने सकारात्मक शुरुआत की और यह 179.53 अंक चढ़कर 57,326.85 पर पहुंच गया। व्यापक एनएसई निफ्टी 52.75 अंक बढ़कर 17,036.30 पर था।
सेंसेक्स में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, पॉवर ग्रिड, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, विप्रो, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, टीसीएस, इंफोसिस और कोटक महिंद्रा बैंक बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।
दूसरी ओर एशियन पेंट्स और भारती एयरटेल में गिरावट हुई।
अन्य एशियाई बाजारों में सियोल, तोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिकी बाजार मिलेजुले रूख के साथ बंद हुए।
पिछले कारोबारी सत्र में मंगलवार को तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 843.79 अंक यानी 1.46 प्रतिशत लुढ़ककर 57,147.32 अंक पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 257.45 अंक यानी 1.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,983.55 अंक पर बंद हुआ था।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.64 फीसदी फिसलकर 93.70 प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,612.67 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)