देश की खबरें | राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी, श्रीगंगानगर में तापमान 47 डिग्री के पार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में लगातार भीषण गर्मी पड़ रही है और श्रीगंगानगर में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
जयपुर, 22 मई राजस्थान में लगातार भीषण गर्मी पड़ रही है और श्रीगंगानगर में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री डिग्री सेल्सियस रहा। यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री रहा था।
इसके अलावा अधिकतम पारा बीकानेर में 46.6 डिग्री, संगरिया में 46.5 डिग्री, वनस्थली में 46.2 डिग्री, चूरू में 46.1 डिग्री व जैसलमेर में 46 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बाड़मेर में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री, पिलानी में 45.3 डिग्री तथा फलोदी में 45.0 डिग्री रहा।
राजधानी जयपुर में इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 42.8 व 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम केंद्र ने राज्य में भीषण गर्मी का दौर अभी जारी रहने की चेतावनी जारी की है। इसके अनुसार 21-23 मई के दौरान बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 45-48 डिग्री सेल्सियस रहने, लू/तीव्र लू चलने तथा रात का तापमान अधिक होने की पूरी संभावना है।
इस दौरान सीमावर्ती इलाकों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं या लू चलेंगी।
राज्य के उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में आगामी 4-5 दिन दोपहर बाद बादलों की गरज के साथ आंधी चलने व हल्की-मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग में भी 24-26 मई के दौरान कहीं-कहीं बादलों की गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम केंद्र के मुताबिक, जयपुर, भरतपुर व बीकानेर संभाग में 22-23 मई को दोपहर बाद बादलों की गरज के साथ धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)