देश की खबरें | विपक्षी महागठबंधन का सवाल बड़ा है, पर देश की जनता बदलाव चाहती है : अखिलेश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विपक्षी दलों के महागठबंधन में उनके दल के शामिल होने की संभावना पर बृहस्पतिवार को हालांकि पत्ते नहीं खोले, लेकिन कहा कि देश की जनता अब सत्ता में परिवर्तन चाहती है।
इंदौर(मध्यप्रदेश), 13 अप्रैल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विपक्षी दलों के महागठबंधन में उनके दल के शामिल होने की संभावना पर बृहस्पतिवार को हालांकि पत्ते नहीं खोले, लेकिन कहा कि देश की जनता अब सत्ता में परिवर्तन चाहती है।
समाजवादी पार्टी के विपक्षी महागठबंधन में शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश ने कहा, ,‘‘यह सवाल बड़ा है। (इस गठबंधन को) नाम क्या दे रहे हैं आप। लेकिन मैं जानता हूं कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाएगी।’’
उन्होंने यह भी कहा कि देश की जनता सत्ता परिवर्तन चाहती है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से बुधवार को हुयी मुलाकात के एक दिन बाद अखिलेश का यह बयान आया है।
युवतियों के कपड़ों को लेकर भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के एक हालिया विवादास्पद बयान पर यादव ने दावा किया कि भाजपा की विचारधारा के लोग नागरिकों की आजादी पर पाबंदी लगाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आज भाजपा के लोग कपड़ों पर बात कर रहे हैं, तो कल हो सकता है कि वे नागरिकों द्वारा फेसबुक, इंस्टाग्राम, वॉट्सऐप और ट्विटर के इस्तेमाल पर पाबंदी लगा दें।’’
यादव, मध्यप्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। वह संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर शुक्रवार को महू स्थित उनकी जन्मस्थली पहुंचकर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगे।
सपा प्रमुख ने सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘जब तक भाजपा सत्ता में रहेगी, तब तक आंबेडकर के निर्मित संविधान और इसके जरिये नागरिकों को दिए गए अधिकारों को खतरा रहेगा। अब तो सवाल यह भी है कि लोकतंत्र में जनता को वोट डालने का अधिकार रहेगा या नहीं।’’
उन्होंने केंद्र सरकार पर सार्वजनिक उपक्रमों को निजी कंपनियों के हवाले करने का आरोप लगाया और पूछा कि इन हालात में संविधान के प्रावधानों तथा मंडल आयोग की सिफारिशों के जरिये वंचित तबकों को हासिल अधिकारों का क्या हश्र होगा।
यादव ने पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस सिलेंडरों की महंगाई तथा बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार पर हमला बोलते हुये कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा जनता को झूठे सपने दिखा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि सपा, मध्यप्रदेश में इस साल के आखिर में होने वाला विधानसभा चुनाव "पूरी जिम्मेदारी के साथ" लड़ेगी। हालांकि, सपा प्रमुख इस सवाल का जवाब टाल गए कि उनकी पार्टी राज्य में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 13, 2023 03:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

