ताजा खबरें | अनुसूचित जाति, जनजाति आयोगों के अध्यक्ष पद जल्द भरे जाएं: तृणमूल सांसद कीर्ति आजाद
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने बुधवार को सरकार पर संविधान बदलने की कोशिश करने और जानबूझकर विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष पदों को खाली रखने का आरोप लगाते हुए मांग की कि देश में दलितों और पिछड़ों को सामाजिक न्याय देने के लिए इन पदों को जल्द भरा जाना चाहिए।
नयी दिल्ली, 24 जुलाई तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने बुधवार को सरकार पर संविधान बदलने की कोशिश करने और जानबूझकर विभिन्न आयोगों के अध्यक्ष पदों को खाली रखने का आरोप लगाते हुए मांग की कि देश में दलितों और पिछड़ों को सामाजिक न्याय देने के लिए इन पदों को जल्द भरा जाना चाहिए।
आजाद ने लोकसभा में शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए कहा कि कुछ संवैधानिक पद होते हैं जिनका सदैव बने रहना आवश्यक होता है, लेकिन ऐसे कई आयोगों में अध्यक्ष पद खाली हैं।
उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, राष्ट्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग में अध्यक्ष के पद खाली पड़े हैं और इन्हें तत्काल भरा जाना चाहिए।
आजाद ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ ‘सबका साथ सबका विकास’ की बात करने वाली पार्टी केवल अपने साथ वालों का विकास करना चाहती है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ये (सत्ता पक्ष) 400 पार की बात करते थे क्योंकि संविधान बदलना चाहते थे। ये जानबूझकर एससी, एसटी, ओबीसी के लिए कार्य नहीं करना चाहते। ये लोग संविधान में बदलाव चाहते हैं और सामाजिक रूप से पिछड़े लोगों को न्याय नहीं देना चाहते।’’
आजाद ने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि उक्त आयोगों में अध्यक्ष के पद कब तक भरे जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)