देश की खबरें | राजनीति की राहें बड़ी रपटीली होती हैं, कदम-कदम पर फिसलने का होता है खतरा: चौहान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राजनीति की राहें बड़ी रपटीली होती हैं, इसलिए कदम-कदम पर फिसलने का खतरा होता है।
भोपाल, छह अक्टूबर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राजनीति की राहें बड़ी रपटीली होती हैं, इसलिए कदम-कदम पर फिसलने का खतरा होता है।
उन्होंने बृहस्पतिवार को प्रदेश के उज्जैन में 'श्री महाकाल महालोक' के द्वितीय चरण का लोकार्पण करते हुए यह बात कही। चौहान ने कहा, ‘‘ईश्वर की कृपा से मध्यप्रदेश की धरती पर महाकाल महालोक, अद्वैत लोक, रामराजा लोक, हनुमान लोक और देवी लोक बन रहे हैं। महाकाल महाराज से एक ही प्रार्थना है कि जब तक सांस रहे, सनातन की सेवा करता रहूं, जनता की सेवा में जुटा रहूं।’’
उन्होंने कहा कि धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो, यही सनातन धर्म है।
उन्होंने कहा कि इस सनातन धर्म पर कुछ लोगों ने उंगली उठाई और सनातन को खत्म करने की बात कही, लेकिन सनातन को कोई खत्म नहीं कर पाया क्योंकि सनातन का न आदि है और न ही अंत।
चौहान ने कहा, ‘‘आप (संत) हमें सही रास्ते पर चलने का मार्गदर्शन करते रहें। राजनीति की राहें बड़ी रपटीली होती हैं, कदम-कदम पर फिसलने का खतरा होता है। कई बार हम खुद ही फिसल जाते हैं। कई बार चक्कर में डालने वाले लोग हमें धक्का देने आ जाते हैं। सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए आपका आशीर्वाद (हमारे लिए) बना रहे। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)