देश की खबरें | केरल कांग्रेस कार्यालय में रंग-रोगन की चूक ने पार्टी को किया शर्मिंदा

त्रिशूर (केरल), 14 सितंबर केरल के त्रिशूर जिले में 'भारत जोड़ो यात्रा' के स्वागत की तैयारियों के बीच कांग्रेस के जिला कार्यालय के भगवा रंग में रंगे होने के कारण पार्टी नेतृत्व को शर्मिन्दगी का सामना करना पड़ा।

यह सब ऐसे समय में हुआ जब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी पार्टी की यात्रा के जरिये राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘‘विभाजनकारी राजनीति’’ के खिलाफ प्रचार कर रहे हैं।

जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) ने 'भारत जोड़ो यात्रा' के त्रिशूर जिले में आगमन से पूर्व पार्टी के जिला मुख्यालय को नया रूप देने की योजना बनाते हुए इमारत को तिरंगे के रंग में रंगने का निर्देश दिया था। जबकि, मजदूरों ने गलती से भगवा और हरे रंगों को अधिक प्रमुखता दी। भाजपा के झंडे में भगवा और हरा रंग है। (कार्यालय में रंग को लेकर हुई) इस गलती के कारण पहली नज़र में ऐसा प्रतीत हुआ कि यह भाजपा का कार्यालय है।

स्थानीय नेतृत्व ने दूसरे दिन रंग रोगन का काम पूरा होने के बाद इस ''चूक'' पर ध्यान दिया, लेकिन तब तक नये डीसीसी कार्यालय की तस्वीरें सोशल मीडिया पर आ गई थीं, जिस कारण पार्टी नेतृत्व को शर्मिंदगी उठानी पड़ी।

कांग्रेस के राजनीतिक विरोधियों ने पार्टी पर आरोप लगाया कि भगवा रंग का चयन भाजपा से उनके जुड़ाव को दर्शाता है।

इस विवाद पर रोक लगाने के लिए कार्यकर्ताओं को आनन-फानन में बुधवार को सुबह भगवा रंग के ऊपर हरा रंग पोतने का निर्देश दिया। गया।

डीसीसी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने ''पीटीआई-'' को बताया कि कार्यालय की दीवारों पर भगवा रंग ''संयोग से'' पोत दिया गया लेकिन, दुर्भाग्यवश इससे राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)