जरुरी जानकारी | नवंबर में घरेलू उड़ानों पर यात्रियों का आंकड़ा एक करोड़ के पार, ओमीक्रोन दे सकता है झटका : इक्रा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. कोरोना वायरस महामारी की शुरुआत के बाद से नवंबर में पहली बार घरेलू हवाई यात्रियों का आंकड़ा एक करोड़ को पार कर गया है।

मुंबई, सात दिसंबर कोरोना वायरस महामारी की शुरुआत के बाद से नवंबर में पहली बार घरेलू हवाई यात्रियों का आंकड़ा एक करोड़ को पार कर गया है।

रेटिंग एजेंसी इक्रा ने यह जानकारी देते हुए आगाह किया कि कोविड-19 के नए स्वरूप ओमीक्रोन की वजह से यह पुनरुद्धार पटरी से उतर सकता है। पिछले साल मार्च में महामारी की शुरुआत के बाद से विमानन क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ था।

फरवरी, 2020 में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या 1.23 करोड़ रही थी। दो माह तक रोक के बाद स्थानीय मार्गों पर उड़ानें फिर शुरू होने के बाद जून, 2020 में हवाई यात्रियों की संख्या 19.84 लाख रही थी।

घरेलू हवाई यातायात में सुधार इस साल मार्च तक जारी रहा। लेकिन महामारी की दूसरी लहर आने के बाद मई, 2021 में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या घटकर 21.15 लाख पर आ गई।

इक्रा ने कहा कि सुधार के दूसरे चरण में नवंबर, 2021 में घरेलू हवाई यात्रियों की मांग बढ़कर 1.04 से 1.05 करोड़ पर पहुंच गई। एक साल पहले समान महीने में यह आंकड़ा 63.54 लाख रहा था।

इक्रा के अनुसार, नवंबर में माह-दर-माह आधार पर घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में वृद्धि 15-16 प्रतिशत रही है। अक्टूबर, 2021 में घरेलू उड़ानों पर यात्रियों की संख्या 89.8 लाख रही थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\