देश की खबरें | राहुल गांधी से जुड़े उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन की अगली बैठक अहम है:नाना पटोले

मुंबई, पांच अगस्त कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले ने शनिवार को कहा कि मानहानि मामले में राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर उच्चतम न्यायालय के रोक लगाने के मद्देनजर मुंबई में ‘इंडिया’ गठबंधन की आगामी बैठक बहुत महत्वपूर्ण है।

पटोले ने यहां महा विकास आघाडी (एमवीए) के घटक दलों की बैठक के बाद कहा कि नेताओं ने ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के सहयोगियों की आगामी बैठक की तैयारियों पर चर्चा की।

यह बैठक 31 अगस्त से एक सितंबर तक मुंबई में आयोजित की जायेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई में होने वाली आगामी बैठक (इंडिया के सहयोगियों की) राहुल गांधी से जुड़े मानहानि मामले में कल के उच्चतम न्यायालय के फैसले के कारण बहुत महत्वपूर्ण है।’’

पटोले ने कहा, ‘‘यह गठबंधन तानाशाह केंद्र सरकार के खिलाफ है और पहली जीत मानहानि मामले में राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर उच्चतम न्यायालय के रोक लगाने से हुई है।’’

उच्चतम न्यायालय ने ‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई टिप्पणी के संबंध में 2019 में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज आपराधिक मानहानि मामले में शुक्रवार को उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)