देहरादून, नौ मई उत्तराखंड के पर्यटन और संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि विवादित फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ राज्य में कर मुक्त होगी।
अदा शर्मा अभिनीत यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह फिल्म केरल से हजारों महिलाओं के कथित रूप से लापता होने से जुड़ी घटनाओं से संबंधित है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे केरल की महिलाओं को इस्लाम कबूलने पर मजबूर किया गया और आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट ने उन्हें भर्ती किया।
उत्तराखंड सरकार द्वारा अभी इस बारे में औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन महाराज ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि फिल्म जल्द ही राज्य में कर मुक्त होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कहा कि ‘द केरला स्टोरी’ में ‘सच्चाई’ है और सभी को इसे देखना चाहिए। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘फिल्म में इस सच्चाई को दिखाया गया है कि कैसे बिना हथियारों और गोला-बारूद के आतंकवाद को फैलाया जा रहा है। मुझे लगता है कि हर किसी को फिल्म देखनी चाहिए।’’
धामी ने कहा कि वह अपने सहयोगियों के साथ फिल्म देखेंगे।
इस फिल्म को लेकर तब विवाद खड़ा हो गया, जब कुछ राजनीतिक दलों ने फिल्म में एक समुदाय के खिलाफ झूठे चित्रण किये जाने का आरोप लगाया।
पश्चिम बंगाल सरकार ने सिनेमाघरों में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगा दी है और तमिलनाडु के सिनेमाघरों में रविवार से शो रद्द कर दिए गये हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फिल्म का समर्थन किया है और मध्य प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश की सरकारों ने इसे कर मुक्त करने का फैसला किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY