देश की खबरें | रीवा के थाने में दरोगा ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को गोली मारकर घायल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के रीवा शहर के सिविल लाइंस पुलिस थाने में बृहस्पतिवार को एक उपनिरीक्षक ने कथित तौर पर अपने वरिष्ठ अधिकारी को गोली मारकर घायल कर दिया।
रीवा, 27 जुलाई मध्य प्रदेश के रीवा शहर के सिविल लाइंस पुलिस थाने में बृहस्पतिवार को एक उपनिरीक्षक ने कथित तौर पर अपने वरिष्ठ अधिकारी को गोली मारकर घायल कर दिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उपनिरीक्षक बीआर सिंह ने सिविल लाइंस पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक हितेंद्र नाथ शर्मा पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गए।
शर्मा को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया है। घटना के पीछे का कारण तत्काल पता नहीं चल सका है।
यह पूछे जाने पर कि गोलीबारी की घटना क्यों हुई, रीवा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विवेक सिंह ने कहा कि वह बाद में विवरण देंगे।
रीवा के पुलिस उपमहानिरीक्षक मिथलेश शुक्ला ने शर्मा की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर बताया कि वह अस्पताल में हैं।
अस्पताल पहुंचे एक स्थानीय पत्रकार के अनुसार शर्मा को गर्दन के पास चोट लगी है और उनका ऑपरेशन किया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)