देश की खबरें | कोरोना वायरस को फैलने से रोकने में विफल रही है सरकार, कुछ ही महीनों में सभी को लगे टीका: कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर रविवार को कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार वायरस को फैलने से रोकने में नाकाम रही है।
नयी दिल्ली, 21 मार्च कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर रविवार को कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार वायरस को फैलने से रोकने में नाकाम रही है।
विपक्षी दल ने कहा कि देश में टीकाकरण को बढ़ाने के लिए सरकार एक विस्तृत योजना लेकर आए।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं और पिछले चौबीस घंटे में संक्रमण के 43,846 नए मामले सामने आए जो इस साल एक दिन में सामने आने वाले मामलों की सर्वाधिक संख्या है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 1,15,99,130 हो गए। कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की तादाद में लगातार 11वें दिन वृद्धि दर्ज की गई है।
कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने आरोप लगाया कि सरकार वायरस को गंभीरता से नहीं ले रही। उन्होंने कहा, ‘‘कोविड-19 की दूसरी लहर हमारी ओर बढ़ रही है।’’
उन्होंने केंद्र से कहा कि महामारी पर काबू पाने के लिए वह तत्काल कदम उठाए।
सिंघवी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘कोविड-19 संबंधी हालात को काबू से बाहर क्यों होने दिया जा रहा है? तथाकथित सख्त लॉकडाउन के बाद शुरुआत में हमने जो प्रगति की थी, वह बेकार हो जाएगी तो फिर क्या मतलब रह जाएगा? सरकार मूक दर्शक क्यों बनी हुई है? टीकाकरण अभियान को तेज क्यों नहीं किया गया?’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को इस तरह की योजना लानी चाहिए, जैसे कि 12 महीनों में सभी का टीकाकरण हो जाये लेकिन ‘‘हम ऐसी योजना की बात कर रहे हैं जो महीनों में पूरी हो सके अन्यथा इसी रफ्तार से चलते रहे तो इसमें कई साल, बल्कि दशक लग जाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दानदाता और समाज की भलाई करने वाला होना अच्छा है, दुनिया के अन्य देशों की मदद करने वाला देश होना भी अच्छी बात है लेकिन यह अच्छी बात नहीं है कि अपने ही देश में सभी के लिए टीका नहीं मिले और हम दान करके वाहवाही लूटते रहें। इस पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है।’’
सिंघवी ने कहा, ‘‘सरकार विफल रही है। अब तक करीब चार करोड़ लोगों को ही टीका लगा है जो बहुत ही कम संख्या है। जब तक हम इसे तेजी से नहीं बढ़ायेंगे, परेशानी में रहेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)