देश की खबरें | पहलगाम हमले में मारे गए कर्नाटक के दो पर्यटकों का अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों के हमले में मारे गए लोगों में शामिल कर्नाटक के दो पर्यटकों का अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा। राज्य सरकार ने यह जानकारी दी।

बेंगलुरु, 24 अप्रैल कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों के हमले में मारे गए लोगों में शामिल कर्नाटक के दो पर्यटकों का अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान के साथ किया जाएगा। राज्य सरकार ने यह जानकारी दी।

मंजूनाथ राव और भरत भूषण उन 26 लोगों में शामिल थे जिन्हें मंगलवार को आतंकवादियों ने उनकी ‘‘धार्मिक पहचान पूछने के बाद’’ पहलगाम में उनके परिवारों के सामने मार दिया था। आतंकवादियों द्वारा मारे गए अधिकतर लोग पर्यटक थे।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं कि पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गए मंजूनाथ राव और भारत भूषण का अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान के साथ किया जाए।’’

कर्नाटक के इन दो लोगों के शव बृहस्पतिवार को यहां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे लाए गए।

राव के पार्थिव शरीर को उनके गृहनगर शिवमोगा ले जाया गया तथा भूषण की पार्थिव देह को बेंगलुरु स्थित उनके आवास लाया गया। दोनों का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को ही होने की संभावना है।

आतंकवादियों ने भूषण की गोली मारकर हत्या कर दी तथा उनकी पत्नी सुजाता एवं उनके तीन साल के बेटे को जीवित छोड़ दिया था। रियल एस्टेट कारोबारी राव की भी उनकी पत्नी और बेटे के सामने हत्या कर दी गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\