जिला प्रशासन ने की विशेष रेलगाड़ियों से आये श्रमिकों से किराया वसूली की शिकायत
उप जिलाधिकारी सर्वेश कुमार यादव ने रविवार को बताया कि शनिवार को गुजरात से मजदूरों को लेकर आयी विशेष ट्रेन में मजदूरों से 725 रुपये किराया वसूले जाने के मामले में जिला प्रशासन ने गुजरात सरकार को पत्र तथा फोन के जरिये पूरी स्थिति से अवगत कराया है। साथ ही इस मामले में शामिल गुजरात पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस के कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
बलिया (उप्र), 10 मई गुजरात और आंध्र प्रदेश से मजदूरों और कामगारों को लेकर बलिया आयी 'श्रमिक विशेष ट्रेन' में मजदूरों से किराया वसूलने के मामले में जिला प्रशासन ने सम्बन्धित राज्य सरकारों को पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए कार्रवाई का अनुरोध किया है।
उप जिलाधिकारी सर्वेश कुमार यादव ने रविवार को बताया कि शनिवार को गुजरात से मजदूरों को लेकर आयी विशेष ट्रेन में मजदूरों से 725 रुपये किराया वसूले जाने के मामले में जिला प्रशासन ने गुजरात सरकार को पत्र तथा फोन के जरिये पूरी स्थिति से अवगत कराया है। साथ ही इस मामले में शामिल गुजरात पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस के कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले से आयी विशेष ट्रेन में यात्रा करने वाले मजदूरों ने भी 1,000 रुपये वसूले जाने की शिकायत की है। इस मामले में भी आंध्र प्रदेश शासन को अवगत कराया जा रहा है।
पश्चिम गोदावरी जिले से आये कुशीनगर जिला निवासी जय सिंह ने बताया कि यात्रा करने के पहले ही आंध्र प्रदेश में एक-एक हजार रुपये ले लिये गये।
उन्होंने बताया कि ट्रेन में सवार होते समय आंध्र प्रदेश पुलिस ने उन्हें टिकट मुहैया कराया। यात्रियों ने पत्रकारों को अपना टिकट भी दिखाया।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि पश्चिम गोदावरी जिले से 1,145 लोगों को लेकर ट्रेन रविवार सुबह बलिया रेलवे स्टेशन पहुंची।
उन्होंने बताया कि इनमें 270 श्रमिक बलिया जिले के तथा शेष श्रमिक देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, गाजीपुर तथा मऊ जिलों के थे।
उन्होंने बताया कि बलिया पहुंचने के बाद सभी श्रमिकों का नाम सूचीबद्ध करने के साथ ही उनकी चिकित्सकीय जांच करायी गयी।
उसके बाद उन्हें राज्य सड़क परिवहन निगम की 55 बसों से खानपान सामग्री, पानी की बोतल तथा मास्क मुहैया कराकर उनके गन्तव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)