देश की खबरें | गांधीनगर मार्केट को 'बड़े वस्त्र बाजार' के रूप में विकसित करने का फैसला स्वागत योग्य :व्यापारी

नयी दिल्ली, 27 मार्च दिल्ली के गांधीनगर कपड़ा बाजार को 'बड़े वस्त्र केंद्र' के रूप में विकसित करने के दिल्ली सरकार के निर्णय का व्यापारियों ने स्वागत किया है और कहा है कि इसमें अधिक राजस्व और हजारों नौकरियां पैदा करने की क्षमता है।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट पेश करते हुए घोषणा की कि सरकार ने गांधी नगर में कपड़ा बाजार को ''बड़े वस्त्र केंद्र'' के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि इसकी फिर से ‘ब्रांडिंग’ करके और पुनर्स्थापित कर अगले पांच वर्षों में रोजगार के और अधिक अवसर पैदा किये जाएंगे।

एसोसिएशन ऑफ होलसेल रेडीमेड गारमेंट डीलर्स (गांधी नगर) के अध्यक्ष के. के. बल्ली ने कहा कि खुदरा विक्रेता और दुकानदार काफी लंबे समय से बाजार के पुनर्गठन की मांग कर रहे हैं क्योंकि कई संरचनात्मक खामियों ने उनके व्यवसायों के विकास को प्रभावित किया है।

बल्ली के मुताबिक, बाजार में करीब 15,000 दुकानें हैं। इसे एशिया का सबसे बड़ा थोक बाजार कहा जाता है।

उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है, जब व्यापारियों की शिकायतों और सुझावों पर विचार किया गया है।

उन्होंने कहा, ''यह कदम स्वागत योग्य है। हमने कई बार क्षेत्र में बुनियादी समस्याओं के बारे में अधिकारियों के साथ बात की है। हम घोषणा के लिए सरकार के बहुत आभारी हैं।''

घोषणा से उत्साहित, गांधी नगर बाजार के एक व्यापारी ने कहा कि यह जगह खराब बुनियादी ढांचे के कारण वर्षों से पिछड़ी रही है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि अगर इन योजनाओं को लागू किया जाता है तो कारोबार में सुधार होगा।

गांधीनगर में रेडीमेड कपड़ों का खुदरा कारोबार करने वाले आशीष खुराना ने कहा, ''हमने कई वर्षों में कई मुद्दे उठाए हैं। एक बड़ी समस्या यातायात और पार्किंग की है, जिसके चलते ग्राहक यहां आने से कतराते हैं। हमारे पास क्षमता है। हमारे पास न केवल देशभर में ग्राहक हैं, बल्कि हम कई अन्य देशों के व्यापारियों के साथ व्यापार करते हैं, जिनमें मध्य पूर्व और पूर्वी अफ्रीकी देशों के कारोबारी शामिल हैं।''

उन्होंने कहा कि सुधार से बाजार की लोकप्रियता बढ़ाने में मदद मिलेगी और अधिक ग्राहक आएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)