विदेश की खबरें | चालक दल ने लाइबेरियाई ध्वज वाले जहाज को छोड़ा, लाल सागर में हुआ था हमला: ब्रिटेन की सेना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. यूनान के स्वामित्व वाले बल्क कैरियर जहाज ‘मैजिक सीज’ पर हुए हमले के लिए तत्काल हूती विद्रोहियों पर संदेह जताया गया।
यूनान के स्वामित्व वाले बल्क कैरियर जहाज ‘मैजिक सीज’ पर हुए हमले के लिए तत्काल हूती विद्रोहियों पर संदेह जताया गया।
एक सुरक्षा कंपनी के अनुसार, जहाज पर पहले छोटे हथियारों और रॉकेट से दागे जाने वाले ग्रेनेट (आरपीजी) से हमले के बाद बम से लैस ड्रोन नौकाओं ने उसे निशाना बनाया।
विद्रोहियों के मीडिया ने हमले की खबर तो दी, लेकिन इसका दावा नहीं किया। हमले की बात स्वीकार करने में उन्हें घंटों या दिन भी लग सकते हैं।
जहाजों के खिलाफ हूती विद्रोहियों के नये अभियान से अमेरिकी और पश्चिमी देशों की सेनाएं फिर से क्षेत्र में आ सकती हैं, खासकर तब जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर विद्रोहियों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमला किये गये हैं।
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब इजराइल-हमास युद्ध, ईरान-इजराइल युद्ध और ईरानी परमाणु स्थलों पर अमेरिका के हवाई हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है।
‘बाशा रिपोर्ट जोखिम सलाहकार कंपनी’ के यमन विश्लेषक मोहम्मद अल-बाशा ने लिखा, ‘‘संभवतः यह संदेश है कि हूतियों के पास कूटनीतिक घटनाक्रमों के बावजूद रणनीतिक समुद्री लक्ष्यों पर हमला करने की क्षमता और इच्छा बनी हुई है।’’
इससे पहले ब्रिटेन की सेना के ब्रिटिश समुद्री व्यापार संचालन केंद्र ने कहा था कि जहाज पर मौजूद सशस्त्र सुरक्षा दलों ने जवाबी गोलीबारी की।
उसने बताया कि हमला यमन के होदेदा शहर से लगभग 100 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में हुआ, जो देश के हूती विद्रोहियों के कब्जे में है।
उसने कहा, ‘‘प्राधिकारी जांच कर रहे हैं।’’ बाद में उसने कहा कि जहाज पर "अज्ञात प्रक्षेपास्त्रों से हमला" होने के बाद आग लग गई।
समुद्री सुरक्षा कंपनी ‘एम्ब्रे’ ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि एक व्यापारिक जहाज पर आठ स्किफ नौकाओं द्वारा हमला उस समय किया गया जब वह लाल सागर में उत्तर की ओर जा रहा था। कंपनी ने कहा कि उसे लगता है कि हमला अब भी जारी है।
बाद में एम्ब्रे ने कहा कि जहाज पर बम ले जाने वाली ड्रोन नावों ने भी हमला किया। उसने कहा कि दो ड्रोन नावों ने जहाज पर हमला किया, जबकि दो अन्य को जहाज पर मौजूद सशस्त्र गार्डों ने नष्ट कर दिया।
ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन केंद्र ने कहा कि जहाज पानी में डूब रहा था और उसके चालक दल ने जहाज को छोड़ दिया।
अमेरिकी नौसेना की पश्चिम एशिया स्थित 5वीं फ्लीट ने इस मामले से जुड़े सवालों को सैन्य केंद्रीय कमान को भेज दिया, जिसने कहा कि उसे घटना की जानकारी है, लेकिन इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
मैजिक सीज के मालिकों ने इस संबंध में टिप्पणी के अनुरोध का कोई जवाब नहीं दिया।
यमन के हूती विद्रोही हाल के समय में क्षेत्र में वाणिज्यिक और सैन्य जहाजों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले कर रहे हैं। समूह के नेतृत्व ने इन हमलों को गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ इजराइल के हमले को रोकने का एक प्रयास बताया है।
नवंबर 2023 से जनवरी 2025 के बीच, हूती विद्रोहियों ने 100 से अधिक व्यापारिक जहाजों को मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। इन हमलों में दो जहाज डूब गए जबकि चार नाविकों की मौत हुई। इस कारण से लाल सागर मार्ग से व्यापार में भारी गिरावट आयी है। इस मार्ग से हर साल करीब एक हजार अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य का सामान गुजरता है।
हूती विद्रोहियों ने कुछ समय के लिए स्वैच्छिक संघर्षविराम लागू करते हुए हमले रोक दिए थे, लेकिन मध्य मार्च में अमेरिका द्वारा विद्रोहियों के खिलाफ व्यापक हमले शुरू करने के बाद संघर्षविराम समाप्त हो गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)