देश की खबरें | दुबई से लौटे दंपति को सोने की तस्करी के आरोप में पकड़ा गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात में सूरत हवाई अड्डे पर दुबई से लौटे एक दंपति को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और सीमा शुल्क विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 20 किलो से अधिक सोना तस्करी के आरोप में पकड़ा गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सूरत/नयी दिल्ली, 22 जुलाई गुजरात में सूरत हवाई अड्डे पर दुबई से लौटे एक दंपति को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और सीमा शुल्क विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 20 किलो से अधिक सोना तस्करी के आरोप में पकड़ा गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह कार्रवाई 20 जुलाई की रात करीब 10 बजे की गई।

अधिकारियों के अनुसार, जब दंपति एअर इंडिया की एक उड़ान से उतरा, तो सादे कपड़ों में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की खुफिया शाखा के एक अधिकारी ने उस पर सबसे पहले संदेह जताया।

सीआईएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "गुजरात निवासी इस दंपति की चाल-ढाल कुछ असामान्य थी और उनके पेट के आसपास हल्का उभार दिखाई दे रहा था जो सामान्य शारीरिक बनावट से मेल नहीं खा रहा था। इसी वजह से अधिकारी को शक हुआ।"

उन्होंने बताया कि सुरक्षा अधिकारी ने तुरंत हवाई अड्डे पर मौजूद सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों को सतर्क किया, जिन्होंने दंपति को रोका और उनकी गहन शारीरिक जांच की।

अधिकारी ने बताया कि जांच के समय पुरुष शर्ट और पैंट पहने हुए था, जबकि महिला ने सलवार सूट पहन रखा था।

अधिकारी ने कहा, "उनके शरीर के मध्य भाग और ऊपरी धड़ पर कुल 28 किलोग्राम सोने का पेस्ट बंधा हुआ पाया गया जिसमें महिला के शरीर पर 16 किलोग्राम और पुरुष के शरीर पर 12 किलोग्राम सोने का पेस्ट था।"

उन्होंने बताया कि पेस्ट में सोने की शुद्ध मात्रा 20 किलो से अधिक आंकी गई है।

मामले की जांच कर रहे एक अन्य अधिकारी ने बताया, "सूरत हवाई अड्डे के इतिहास में पकड़ी गई सोने की यह संभवतः सबसे बड़ी खेप है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\