देश की खबरें | देश को ‘शॉर्टकट’ राजनीति नहीं, सतत विकास की आवश्यकता है : मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश को ‘‘शॉर्टकट राजनीति’’ नहीं, बल्कि सतत विकास की आवश्यकता है।

नागपुर, 11 दिसंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश को ‘‘शॉर्टकट राजनीति’’ नहीं, बल्कि सतत विकास की आवश्यकता है।

मोदी ने कुछ राजनीतिक दलों पर देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि इससे पहले करदाताओं का धन भ्रष्टाचार एवं वोट बैंक की राजनीति में नष्ट हो जाता था।

मोदी ने यहां 75,000 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण और उद्घाटन के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले आठ वर्ष में भारत में बुनियादी ढांचे के विकास में मानवीय पहलू शामिल रहा है।

मोदी ने रविवार को यहां नागपुर-मुंबई ‘समृद्धि एक्सप्रेसवे’ के पहले चरण का उद्घाटन किया। कुल 520 किलोमीटर लंबा पहला चरण नागपुर को अहमदनगर जिले के शिरडी से जोड़ता है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने नागपुर मेट्रो रेल परियोजना के पहले चरण और नागपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का भी उद्घाटन किया।

मोदी ने यहां वर्धा रोड स्थित एम्स परिसर में आयोजित एक समारोह में कहा, ‘‘एक विकसित भारत का सपना सभी राज्यों की एकजुट शक्ति, प्रगति और विकास के माध्यम से एक वास्तविकता बन सकता है। जब विकास के प्रति हमारा दृष्टिकोण संकीर्ण होता है, तो अवसर भी सीमित होते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने पिछले आठ साल में ‘सबका साथ, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के साथ लोगों की मानसिकता और दृष्टिकोण को बदला है।’’

उन्होंने कहा कि नागपुर में शुरू की गई परियोजनाओं ने विकास के समग्र दृष्टिकोण को पेश किया है।

प्रधानमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वे ‘‘शॉर्टकट’’ राजनीति करने, करदाताओं का पैसा लूटने और झूठे वादों के जरिए सत्ता हासिल करने वाले नेताओं से सतर्क रहें।

उन्होंने कहा, ‘‘शॉर्टकट राजनीति से देश का विकास नहीं हो सकता।’’

मोदी ने कहा, ‘‘कुछ राजनीतिक दल देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं और लोगों को ऐसे नेताओं एवं दलों को बेनकाब करना चाहिए। मेरा सभी नेताओं से आग्रह है कि वे शॉर्टकट राजनीति के बजाय सतत विकास पर ध्यान दें। आप सतत विकास के साथ चुनाव जीत सकते हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले करदाताओं का पैसा भ्रष्टाचार और वोटबैंक की राजनीति में बर्बाद हो जाता था।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार समग्र और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जो ‘‘भविष्य के लिए तैयार’’ है।

मोदी ने उनके द्वारा शुरू की गई 11 विकास परियोजनाओं को महाराष्ट्र का 'रत्न' बताया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार राज्य में विकास को गति दे रही है।

प्रधानमंत्री ने भंडारा जिले में गोसीखुर्द बांध परियोजना का उदाहरण देते हुए पिछली सरकारों की आलोचना की। यह परियोजना तीन दशकों से लंबित थी।

उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन डबल इंजन की सरकार आने के बाद गोसीखुर्द परियोजना अब पूरी होने वाली है। ’’

मोदी ने कहा कि समाज के वंचित तबके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के लिए हमेशा से ही प्राथमिकता रहे हैं। उन्होंने कहा कि सतत विकास और स्थायी समाधान ने गुजरात में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में पार्टी की बड़ी जीत का मार्ग प्रशस्त किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना सामाजिक बुनियादी ढांचे के विकास का एक उदाहरण है, जबकि जन धन योजना वित्तीय बुनियादी ढांचे के विकास का एक उदाहरण है।

मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में मराठी में कहा, ‘‘ आज संकष्टी चतुर्थी है। भगवान श्री गणेश की पूजा करने के बाद सभी शुभ कार्यों की शुरुआत की जाती है। मैं टेकड़ी गणपति बप्पा को अपना प्रणाम करता हूं। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 4th T20I Match Scorecard: हैदराबाद में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया के सामने रखा 248 रनों का विशाल लक्ष्य, शाई होप ने खेली तूफानी शतकीय पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 4th T20I Match Live Score Update: हैदराबाद में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का चौथा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? हैदराबाद में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच चौथे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs West Indies, 4th T20I Match Live Toss And Scorecard: हैदराबाद में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड