देश की खबरें | दिल्ली में बस में खाना गिरने पर रसोइये की पीट-पीटकर हत्या
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के बवाना इलाके में एक बस के अंदर सीट पर खाना गिराने के कारण एक रसोइये की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, नौ फरवरी उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के बवाना इलाके में एक बस के अंदर सीट पर खाना गिराने के कारण एक रसोइये की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मनोज उर्फ बाबू नामक व्यक्ति को तीन लोगों ने पीटा, जिनमें आरटीवी बस का चालक और उसके दो सहायक शामिल थे। हमलावरों से एक ने उसके गुप्तांग में लोहे की रॉड डाल दी।
जब मनोज बेहोश हो गया तो तीनों ने उसे बवाना फ्लाइओवर के पास फेंक दिया और फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि उन्होंने एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य अब भी फरार हैं।
नरेला निवासी मनोज शादी समारोह में रसोइये का काम करता था।
एक फरवरी की रात को वह और उसका एक साथी दिनेश सुल्तानपुर डबास में एक शादी में शामिल हुए थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “काम खत्म करने के बाद उन्होंने बचा हुआ खाना पैक किया और बस में सवार हो गए। यात्रा के दौरान कुछ खाना गलती से सीट पर गिर गया, जिससे ड्राइवर और उसके साथी भड़क गए।”
अधिकारी ने बताया कि दिनेश को बवाना चौक पर उतरने दिया गया, जबकि तीनों ने मनोज को बंधक बना लिया और उसे उसकी शर्ट से सीट साफ करने के लिए मजबूर किया।
अधिकारी ने बताया कि बस चालक आशीष उर्फ आशु और उसके दोस्तों ने उसे गालियां दीं और पीटा। जब वह सीट साफ कर रहा था, तो आशीष ने उसके गुप्तांगों में रॉड घुसा दी।
उन्होंने बताया, “दो फरवरी को पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली जिसमें एक व्यक्ति के बेहोश पड़े होने की बात कही गई थी। शुरुआत में, टीम को लगा कि मृतक खानाबदोश है, क्योंकि उसके शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। हालांकि, एक दिन की मशक्कत के बाद उसके भाई जितेंद्र ने उसकी पहचान की पुष्टि की, जिसने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।”
पांच फरवरी को पोस्टमार्टम में गंभीर आंतरिक चोटों का पता चला, जिससे हमले की प्रकृति की पुष्टि हुई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कराला गांव के रहने वाले 24 वर्षीय सुशांत शर्मा उर्फ चुटकुली को गिरफ्तार कर लिया। आशीष और तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)