देश की खबरें | कांग्रेस ने अधिवेशन के लिए मसौदा समिति और छह उप समूहों का गठन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने इस महीने के आखिर में होने वाले पार्टी के पूर्ण अधिवेशन के लिए शनिवार को मसौदा समिति और छह अलग अलग विषयों पर उप समूहों का गठन किया।

नयी दिल्ली, 11 फरवरी कांग्रेस ने इस महीने के आखिर में होने वाले पार्टी के पूर्ण अधिवेशन के लिए शनिवार को मसौदा समिति और छह अलग अलग विषयों पर उप समूहों का गठन किया।

पार्टी ने शुक्रवार को विषय संबंधी समिति और संविधान संशोधन समिति का गठन किया था।

कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश की अध्यक्षता में मसौदा समिति का गठन किया गया है। पार्टी के मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा इस समिति के संयोजक होंगे।

समिति में 21 नेता बतौर सदस्य शामिल होंगे जिनमें पी चिदंबरम, मुकुल वासनिक, शशि थरूर, वीरप्पा मोइली और पृथ्वीराज चव्हाण प्रमुख हैं।

यह समिति अधिवेशन में चर्चा के लिए आने वाले विभिन्न विषयों पर प्रस्तावों का मसौदा तैयार करेगी।

कांग्रेस ने राजनीतिक मामले, आर्थिक मामले, अंतरराष्ट्रीय मामले, किसान एवं कृषि मामले, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मामले और युवा, शिक्षा एवं रोजगार मामले पर उप समूहों का गठन किया है।

राजनीतिक मामले के उप समूह के अध्यक्ष मोइली होंगे तो इसके संयोजक महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण होंगे। अधीर रंजन चौधरी और कुमारी सैलजा सहित 20 नेता इस उप समूह के सदस्य होंगे।

पूर्व वित्त मंत्री चिदंबरम आर्थिक मामलों के उप समूह के प्रमुख होंगे तो प्रवक्ता गौरव वल्लभ इसके संयोजक होंगे। सिद्धरमैया और सचिन पायलट समेत 14 नेता इस समूह के सदस्य बनाए गए हैं।

पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद अंतरराष्ट्रीय मामलों संबंधी उप समूह के अध्यक्ष होंगे तो सांसद शशि थरूर इसके संयोजक होंगे। सैम पित्रोदा और आनंद शर्मा समेत 11 नेता इस समूह में बतौर सदस्य शामिल होंगे।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा किसान एवं कृषि संबंधी उप समूह की अध्यक्षता करेंगे तो एन रघुवीरा रेड्डी इसके संयोजक होंगे। शक्ति सिंह गोहिल और नाना पटोल समेत 14 नेता इस उप समूह में बतौर सदस्य शामिल होंगे।

कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता संबंधी उप समूह का नेतृत्व करेंगे। के. राजू इसके संयोजक होंगे। मीरा कुमार समेत 16 नेता इस उप समूह के सदस्य होंगे।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग युवा, शिक्षा एवं रोजगार संबंधी उप समूह की अध्यक्षता करेंगे तो सांसद ज्योतिमणि इसकी संयोजक होंगी। भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. समेत 16 नेता बतौर सदस्य इसमें शामिल होंगे।

पार्टी का 85वां पूर्ण अधिवेशन रायपुर में 24 से 26 फरवरी के बीच होगा जिसमें राजनीति और अर्थव्यवस्था समेत छह विषयों पर मुख्य रूप से चर्चा होगी।

खरगे के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पार्टी का पूर्ण अधिवेशन होगा। इसमें उनके निर्वाचन पर औपचारिक रूप से मुहर लगेगी तथा नई कार्य समिति के गठन की शुरुआत होगी।

गौरतलब है कि कांग्रेस का पिछला पूर्ण अधिवेशन 2018 में दिल्ली में हुआ था।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now