पणजी, 24 जनवरी गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने ‘‘वंदे मातरम’’ की रचना की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को एक स्कूल में पहुंचे और बच्चों के साथ ‘‘वंदे मातरम’’ गीत गाया।
सावंत ने बिचोलिम स्थित ‘आवर लेडी ऑफ ग्रेस हाई स्कूल’ के विद्यार्थियों के साथ मिलकर राष्ट्रीय गीत गाया।
इस अवसर पर राज्य के मंत्री सुभाष शिरोडकर, विधायक डॉ. चंद्रकांत शेट्टी, प्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वर्ष इस गीत के सृजन के 150 साल पूरे होने और इसे राष्ट्रीय गीत के रूप में अपनाए जाने के 75 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है।
उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान असंख्य भारतीयों में स्वतंत्रता की भावना को प्रज्वलित करने वाली इस उत्कृष्ट कृति को लिखने के लिए बंकिम चंद्र चटर्जी को नमन किया।
सावंत ने गोवा भर के स्कूलों में वंदे मातरम के गायन को बढ़ावा देने की पहल के लिए विवेकानंद केंद्र और शिक्षा निदेशालय को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि इस गीत के स्थायी संदेश से प्रेरित होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘विकसित भारत का विजन’ तैयार किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि साथ मिलकर यह सपना साकार होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY