देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने राज्य के बजट की सराहना की, विपक्ष ने इसे निराशाजनक बताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को विधानसभा में प्रस्तुत बजट 2025-26 की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य के सुनहरे भविष्य को आकार देने में अग्रणी भूमिका निभाएगा तथा समाज के हर वर्ग को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

रायपुर, तीन मार्च छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को विधानसभा में प्रस्तुत बजट 2025-26 की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य के सुनहरे भविष्य को आकार देने में अग्रणी भूमिका निभाएगा तथा समाज के हर वर्ग को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने बजट को 'निराशाजनक' करार देते हुए कहा है कि इसमें कुछ भी नया नहीं है।

राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोमवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 1,65,000 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट पेश किया।

मुख्यमंत्री साय ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ''यह बजट छत्तीसगढ़ के सुनहरे भविष्य के लिए है और यह हर वर्ग को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगा।''

उन्होंने कहा, ''पिछले वर्ष बजट (2024-25) ज्ञान (गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी) की थीम पर आधारित था और इसमें इन चार क्षेत्रों के विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने चालू वित्त वर्ष में ज्ञान के विकास के लिए कड़ी मेहनत की और इसके बेहतर परिणाम सामने आए। 2025-26 के बजट का विषय 'ज्ञान के लिए गति (सुशासन, त्वरित बुनियादी ढांचा, प्रौद्योगिकी, औद्योगिक विकास)' है।''

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश में पहला राज्य है जिसने सुशासन के लिए सुशासन और अभिसरण विभाग की स्थापना की है।

उन्होंने कहा कि यह वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी है, जिन्होंने 2000 में छत्तीसगढ़ की स्थापना की थी, सरकार ने इस वर्ष को अटल निर्माण वर्ष घोषित किया है और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार तकनीक का विकास करेगी और सरकारी कार्यों में इसका अधिक से अधिक उपयोग किया जाएगा।

साय ने कहा कि औद्योगीकरण को बढ़ावा देने और निवेश आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार ने पिछले साल नयी औद्योगिक नीति पेश की थी, जिसके तहत रोजगार सृजन पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बजट में कुछ भी नया नहीं है और यह निराशाजनक है।

बघेल ने कहा, "बजट में कुछ भी नया नहीं है। न तो इसमें किसानों के लिए कुछ है और न ही बेरोजगारों के लिए। इसमें महंगाई को नियंत्रित करने और बेरोजगारी से लड़ने की कोई कार्य योजना नहीं है। बजट में 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर का कोई जिक्र नहीं है, जैसा कि भाजपा ने अपने 'मोदी की गारंटी' (चुनावी वादे) में वादा किया था।"

बघेल ने कहा, "ज्ञान पर कोई काम नहीं किया गया है। अब गति का भी वही हश्र होगा जो ज्ञान का हुआ था।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\