देश की खबरें | आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने चार जून को ‘जनादेश दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने चार जून को ‘प्रजा तीरपु दिनम’ (जनादेश दिवस) के रूप में मनाने की बुधवार को घोषणा की।

अमरावती, चार जून आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने चार जून को ‘प्रजा तीरपु दिनम’ (जनादेश दिवस) के रूप में मनाने की बुधवार को घोषणा की।

यह पूर्ववर्ती वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार की हार और 2024 के चुनाव परिणामों की घोषणा की एक साल पूरे होने का प्रतीक है।

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनसेना वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने विधानसभा की 175 में से 164 सीट जीतकर शानदार जीत हासिल की थी और वाईएसआरसीपी को सिर्फ 11 सीट पर समेट दिया थी।

नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा,‘‘ चार जून एक ऐतिहासिक दिन है, जब जनक्रांति ने दमनकारी शासन (पूर्ववर्ती वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार) को समाप्त कर दिया और आंध्र प्रदेश में लोकतंत्र और शांति बहाल की।’’

मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को धन्यवाद दिया जिन्होंने लोगों तक कल्याण, विकास और सुशासन लाने के लिए अथक संघर्ष किया।

तेदेपा अध्यक्ष ने अगले चार वर्षों के शासन में कल्याणकारी कार्यक्रमों को लागू करके और विकास में तेजी लाकर जन आकांक्षाओं को पूरा करने का संकल्प लिया।

उन्होंने नागरिकों से एकजुट रहने और गठबंधन के प्रयासों का समर्थन करने का आग्रह किया तथा आंध्र प्रदेश की भावी पीढ़ियों के लिए प्रगति, शांति और समृद्धि का वादा किया।

उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा कि चार जून 2024 को जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर पांच साल के ‘अराजक शासन’ का अंत किया और सामंती जंजीरों को तोड़ दिया।

नायडू के बयान का समर्थन करते हुए कल्याण ने राजग की ऐतिहासिक जीत के एक साल पूरे होने पर अपनी राय रखी। उन्होंने जन जागरण, लोकतांत्रिक सिद्धांतों के संरक्षण जैसे विषयों पर जोर दिया और चुनावों में जनसेना पार्टी द्वारा मैदान में उतारे गए सभी उम्मीदवारों की जीत को रेखांकित किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\