देश की खबरें | बच्ची से बलात्कार और उसकी हत्या के आरोपी का बरी होना कोई गर्व की बात नहीं:मुख्यमंत्री विजयन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शुक्रवार को कहा कि वर्ष 2021 में छह साल की बच्ची से बलात्कार और उसकी हत्या के मामले में आरोपी को बरी होना राज्य के लिए कोई गर्व करने वाली बात नहीं है।

अलाप्पुझा (केरल), 15 दिसंबर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शुक्रवार को कहा कि वर्ष 2021 में छह साल की बच्ची से बलात्कार और उसकी हत्या के मामले में आरोपी को बरी होना राज्य के लिए कोई गर्व करने वाली बात नहीं है।

राज्य सरकार के जनसंपर्क कार्यक्रम ‘नव केरल सदास’ के तहत मीडिया को संबोधित करते हुए विजयन ने कहा कि आरोपी का बरी होना गंभीर मामला है और सरकार जांच करके आवश्यक कदम उठाएगी।

विजयन ने कहा, “यह कोई ऐसी बात नहीं है जिस पर हमारा राज्य गर्व कर सके। यह एक गंभीर मामला है और हम इस पर गौर करके आवश्यक कार्रवाई करेंगे। हम अपील दायर करने का फैसला कर चुके हैं। अदालत ने कुछ टिप्पणियां की हैं और ऐसे मामलों पर विचार किया जाएगा।”

विपक्ष ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार और पुलिस अपराध साबित करने के लिए आवश्यक सबूत देने में विफल रही। इस आरोप के बीच विजयन का यह बयान आया है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीसन ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि फैसला "चौंकाने वाला और निराशाजनक" है।

उन्होंने आरोप लगाया, "निर्णय स्पष्ट रूप से जांच अधिकारी द्वारा की गई गलतियों को उजागर करता है, न्यायाधीश ने कई दोषों की ओर इशारा किया। जांच अधिकारी ने घटना के दिन अपराध स्थल तक पहुंचने की भी जहमत नहीं उठाई। अभियोजन पक्ष कोई भी स्पष्ट सबूत पेश करने में विफल रहा, और उपलब्ध कराए गए सबूत विरोधाभासी थे।''

उल्लेखनीय है कि यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत अपराधों की सुनवाई के लिए इडुक्की की विशेष त्वरित अदालत ने बृहस्पतिवार को आरोपी अर्जुन को बरी कर दिया था।

लड़की का शव 30 जून, 2021 को उसके घर के अंदर फंदे से लटका पाया गया था। घटना के वक्त उसके माता-पिता बागान में करने गए थे।

पुलिस ने पहले दावा किया था कि ऐसा लगता है कि आरोपी ने पहले भी कई बार लड़की से बलात्कार किया था।

पुलिस ने कहा था कि 30 जून को बच्ची बलात्कार के प्रयास के दौरान बेहोश हो गई और आरोपी ने उसे मृत समझकर फंदे से लटका दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\