देश की खबरें | तेलंगाना सरकार का लक्ष्य महिला स्वयं सहायता समूहों की एक करोड़ सदस्यों को करोड़पति बनाना :रेड्डी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कहा है कि उनकी सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की एक करोड़ सदस्यों को विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों में शामिल करके उन्हें करोड़पति बनाने की योजना पर काम कर रही है।

हैदराबाद, छह दिसंबर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कहा है कि उनकी सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की एक करोड़ सदस्यों को विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों में शामिल करके उन्हें करोड़पति बनाने की योजना पर काम कर रही है।

रेड्डी ने राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा के साथ बृहस्पतिवार को यहां महिला स्वयं सहायता समूहों के ‘इंदिरा महिला शक्ति बाजार’ का उद्घाटन करने के बाद कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं लागू कर रही है, जिनमें सरकारी बसों में उनके लिए मुफ्त यात्रा, 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति, गरीबों के लिए 200 यूनिट तक बिजली की नि:शुल्क आपूर्ति और ‘इंदिरा महिला शक्ति’ भोजनालय जैसी पहल शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं सहायता समूहों को सौर ऊर्जा संयंत्र भी आवंटित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में स्वयं सहायता समूहों में सदस्यों की कुल संख्या 65 लाख है और इसे एक करोड़ किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘इसे एक करोड़ बनाना आपकी जिम्मेदारी है। एक करोड़ (महिलाओं) को करोड़पति बनाना मेरी जिम्मेदारी है।’’

रेड्डी ने कहा कि अगले साल वह 10 अविभाजित जिलों का दौरा करेंगे और प्रत्येक जिले में एक लाख महिलाओं के साथ बैठकें करेंगे।

राज्यपाल ने स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी इच्छा है कि वे देश में नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाएं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\