देश की खबरें | गठबंधन करने को आतुर तेदेपा, भाजपा के आला नेताओं की ‘चापलूसी’ कर रही है: वाईएसआर कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू के राष्ट्रीय राजधानी का दौरा करने के कुछ दिनों बाद, वाईएसआर कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि वह 2019 के आम चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से दगाबाजी करने के बाद अब फिर से केंद्र में सत्तारूढ़ दल के साथ गठबंधन करने के लिए उसके (भाजपा) शीर्ष नेताओं की “चापलूसी’ कर रहे हैं।
नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू के राष्ट्रीय राजधानी का दौरा करने के कुछ दिनों बाद, वाईएसआर कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि वह 2019 के आम चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से दगाबाजी करने के बाद अब फिर से केंद्र में सत्तारूढ़ दल के साथ गठबंधन करने के लिए उसके (भाजपा) शीर्ष नेताओं की “चापलूसी’ कर रहे हैं।
वाईएसआर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव विजयसाई रेड्डी ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह ‘‘पक्के तौर पर पता चला है कि नायडू ने आंध्र प्रदेश में भाजपा को कुल 25 में से 13 लोकसभा सीटों की पेशकश की है और बदले में वह अधिक विधानसभा सीटें चाहते हैं।’’
रेड्डी ने स्पष्ट किया कि वाईएसआर कांग्रेस का राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन जारी रहेगा लेकिन वह भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल नहीं होगी।
आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस सत्ताधारी पार्टी है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘तेदेपा नेता एन चंद्रबाबू नायडू केंद्र में सत्तारूढ़ दल के साथ गठबंधन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं की चापलूसी कर रहे हैं।’’
यह पूछे जाने पर कि अगर तेदेपा भाजपा के साथ हाथ मिलाती है तो उनकी पार्टी पर क्या प्रभाव पड़ेगा, रेड्डी ने कहा कि इसका ज्यादा असर नहीं होगा। रेड्डी ने कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनावों में हमारा (वाईएसआर कांग्रेस का) मत प्रतिशत लगभग 50 प्रतिशत था और उसके बाद यह और बढ़ गया। भले ही तीन दलों भाजपा, तेदेपा, जन सेना एक साथ आ जाएं, यह हमें बहुत प्रभावित नहीं करेगा।’’
भाजपा का जनसेना के साथ पहले से ही गठबंधन है।
नायडू को ‘‘सबसे स्वार्थी राजनेता’’ बताते हुए रेड्डी ने कहा कि उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को ‘‘छोड़ दिया’’। उन्होंने कहा कि यह भाजपा को देखना है कि क्या पार्टी उन पर भरोसा कर सकती है।
राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की नायडू की मांग के बारे में पूछे जाने पर रेड्डी ने आरोप लगाया कि तेदेपा प्रमुख ‘‘झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाकर राज्य को खराब स्थिति में दिखाना चाहते हैं।’’
वाईएसआर कांग्रेस के भाजपा के साथ संबंधों पर रेड्डी ने कहा कि उनकी पार्टी राजग को मुद्दों पर आधारित समर्थन देना जारी रखेगी लेकिन सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल नहीं होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)