जरुरी जानकारी | ब्रिटेन में टाटा स्टील के कर्मचारी 40 साल में पहली बार करेंगे हड़ताल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.

लंदन, 21 जून ब्रिटेन में टाटा स्टील के लगभग 1,500 कर्मचारी आठ जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। ये हड़ताल वेल्स के पोर्ट टैलबोट और लैनवर्न में स्थित संयंत्रों में कंपनी की 2,800 कर्मचारियों की छंटनी और ब्लास्ट फर्नेस को बंद करने के विरोध में हो रही है।

यूनाइट द यूनियन ने कहा कि यह 40 वर्षों में पहली बार है कि ब्रिटेन में इस्पात कर्मचारियों ने टाटा स्टील यूके के संचालन को गंभीर रूप से प्रभावित करने के उद्देश्य से हड़ताल की है।

यूनियन के सदस्यों ने पहले ही इस सप्ताह की शुरुआत में नियमानुसार काम करना और ओवरटाइम प्रतिबंध लगाना शुरू कर दिया था।

यूनाइट द यूनियन ने एक बयान में कहा, ''टाटा के पोर्ट टैलबोट और लानवर्न में स्थित लगभग 1,500 कर्मचारी कंपनी की 2,800 नौकरियों में कटौती और इसके ब्लास्ट फर्नेस को बंद करने की योजना के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।''

यूनाइट की महासचिव शेरोन ग्राहम ने कहा, ''टाटा के कर्मचारी केवल अपनी नौकरियों के लिए नहीं लड़ रहे हैं। वे अपने समुदायों के भविष्य और वेल्स में इस्पात उद्योग के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं।''

उन्होंने कहा, ''जब तक टाटा अपनी विनाशकारी योजनाओं को रोक नहीं देती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। यूनाइट वेल्स स्टील उद्योग को बचाने के लिए लड़ रहा है। टाटा के कर्मचारियों की ऐतिहासिक लड़ाई में उनका पूरा समर्थन कर रहा है, जिसके वे हकदार हैं।''

यूनियन का दावा है कि विपक्षी लेबर पार्टी ने मुंबई मुख्यालय वाली इस्पात कंपनी से अपनी योजनाओं को रोकने और चार जुलाई के आम चुनाव के बाद नई चुनी गई सरकार के साथ बातचीत करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि लेबर पार्टी ने चुनाव जीतने पर टाटा के साथ आपातकालीन वार्ता को भी प्राथमिकता दी है।

टाटा स्टील ने कहा है कि वह इस कदम से निराश है और यूनियन से औद्योगिक कार्रवाई स्थगित करने का आह्वान कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\