देश की खबरें | सूरत रसायन संयंत्र विस्फोट: एनएचआरसी ने गुजरात सरकार को नोटिस जारी किया, चार हफ्ते में मांगी रिपोर्ट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने गुजरात सरकार को नोटिस जारी कर सूरत स्थित रसायन निर्माण संयंत्र में विस्फोट से सात श्रमिकों की मौत को लेकर चार हफ्ते में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
नयी दिल्ली, चार दिसंबर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने गुजरात सरकार को नोटिस जारी कर सूरत स्थित रसायन निर्माण संयंत्र में विस्फोट से सात श्रमिकों की मौत को लेकर चार हफ्ते में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने कहा कि उसने मीडिया की उन खबरों पर स्वत: संज्ञान लिया जिसमें कहा गया है कि 29 नवंबर की इस घटना में सात श्रमिकों की मौत हो गई है और 24 लोग घायल हो गए।
आयोग के मुताबिक, यह पाया गया कि ज्वलनशील रसायनों से भरे टैंक में कथित विस्फोट प्रथम दृष्टया संयंत्र के प्रबंधन की ओर से बरती गई संभावित लापरवाही का संकेत देता है, जिसकी जांच की आवश्यकता है।
एनएचआरसी ने कहा कि इस घटना के परिणामस्वरूप पीड़ित श्रमिकों के मानवाधिकारों का उल्लंघन हुआ है।
एनएचआरसी ने गुजरात के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी करके चार हफ्ते में रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
एनएचआरसी ने कहा कि रिपोर्ट में पुलिस में दर्ज प्राथमिकी की स्थिति, पीड़ितों के चिकित्सा उपचार और यदि मृतकों और घायलों के परिजनों को कोई मुआवजा दिया गया है, तो उसका भी जिक्र होना चाहिए।
संतोष रंजन
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)