देश की खबरें | चुनाव प्रचार का ‘सुपर संडे’; आप, भाजपा, कांग्रेस ने किया जोरदार प्रचार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए तीन दिन शेष रह गए हैं और भाजपा, आम आदमी पार्टी (‘आप’) और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग के जोर पकड़ने के बीच चुनाव प्रचार का ‘सुपर संडे’ काफी जोरदार रहा।

नयी दिल्ली, दो फरवरी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए तीन दिन शेष रह गए हैं और भाजपा, आम आदमी पार्टी (‘आप’) और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग के जोर पकड़ने के बीच चुनाव प्रचार का ‘सुपर संडे’ काफी जोरदार रहा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने अपने-अपने दलों की ओर से चुनाव प्रचार की बागडोर संभाली।

पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार सोमवार शाम को समाप्त हो जाएगा। मतगणना 8 फरवरी को होगी।

दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए हो रहे चुनाव में ‘आप’, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।

रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा शासित राज्यों के कम से कम पांच मुख्यमंत्रियों ने ‘आप’ पर हमला बोला।

दिल्ली विधानसभा चुनाव को ‘आप’ के शासन मॉडल और सत्तारूढ़ पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर जनमत संग्रह के तौर पर देखा जा रहा है।

‘आप’ जहां लगातार तीसरी बार अपना गढ़ बचाने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा 26 साल बाद वापसी की कोशिश में जुटी है।

आरके पुरम में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने ‘आप’ पर आरोप लगाया कि पार्टी ने झूठे वादे किए और भ्रष्टाचार में लिप्त रही।

उन्होंने ‘‘आप-दा’’ पर राष्ट्रीय राजधानी के 11 साल बर्बाद करने का आरोप लगाया और दावा किया कि अब विकास और तरक्की के लिए समर्पित डबल इंजन वाली सरकार चुनी जाएगी।

उन्होंने अपने एक घंटे के भाषण में कहा,‘‘बसंत पंचमी से मौसम बदलना शुरू हो जाता है। तीन दिन बाद पांच फरवरी को दिल्ली में विकास का नया ‘बसंत’ आएगा। इस बार दिल्ली में भाजपा अपनी सरकार बना रही है।’’

मोदी ने लोगों से कहा, ‘‘पूरी दिल्ली कह रही है - अबकी बार’’, और वहां उपस्थित लोगों ने नारा लगाया, ‘मोदी सरकार’।’’

प्रधानमंत्री ने बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्लीवासी केवल भाजपा पर भरोसा करते हैं क्योंकि वह जो कहती है, वह करती है। आरके पुरम में उमड़ी भारी भीड़ से यह स्पष्ट है कि दिल्ली में ‘कमल’ (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिलेगा।’’

वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा ‘‘गुंडागर्दी’’ पर उतर आई है।

केजरीवाल ने निर्वाचन आयोग से उनके नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में विशेष पर्यवेक्षक तैनात करने की मांग की।

नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबला है जहां पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित चुनाव लड़ रहे हैं।

केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि ‘‘आप’’ पांच फरवरी को होने वाले चुनाव में ‘‘निर्णायक जीत’’ की ओर बढ़ रही है, जिससे भाजपा नेता, विशेष रूप से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ‘‘स्तब्ध और हताश’’ हैं।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘आप चुनावों में भारी जीत हासिल कर रही है और अमित शाह स्तब्ध हैं। भाजपा गुंडागर्दी पर उतर आई है क्योंकि उसे हार का आभास हो गया है।’’

सीमापुरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और केजरीवाल एक जैसे हैं और ‘‘बड़े उद्योगपतियों के गुलाम हैं।’’

उन्होंने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीति इस बात से उपजी है कि ‘‘मैं ईमानदार हूं और हर कोई चोर है।’’ प्रियंका ने कहा, ‘‘ऐसा कहने वालों से सावधान रहें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल ईमानदारी के आधार पर आए थे, लेकिन क्या हुआ? आबकारी घोटाला हुआ।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी जी कहते थे कि हम ईमानदार हैं और ये कांग्रेस के लोग चोर हैं। पिछले 10 वर्षों में उन्होंने कितनी ईमानदारी दिखाई है। उन्होंने देश के पूरे संसाधन अदाणी-अंबानी को सौंप दिए।’’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजेंद्र नगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने इस डर से केंद्रीय सहायता से इनकार कर दिया कि इसका श्रेय नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को जाएगा।

सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के तहत भारत की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ी है, लेकिन दिल्ली को इससे कोई फायदा नहीं हुआ।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मतदाताओं से ‘हिंसा के बजाय शिक्षा’ को चुनने का आग्रह करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है।

‘आप’ के चुनाव प्रचार अभियान के तहत जंगपुरा में एक रोड शो को संबोधित करते हुए मान ने दावा किया कि दिल्ली के लोगों ने पहले ही अपना मन बना लिया है और पांच फरवरी का मतदान केवल एक ‘औपचारिकता’ भर है।

मान ने कहा, ‘‘लोगों के पास केवल दो विकल्प हैं। एक वह पार्टी है, जो शिक्षा को प्राथमिकता देती है और दूसरी वह, जो संघर्ष से फलती-फूलती है। आप को तय करना होगा कि कौन-सा रास्ता अपनाना है।’’

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने ‘आप’ के प्रति बढ़ती नाराजगी का हवाला देते हुए भाजपा के दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने की रविवार को उम्मीद जतायी।

बिहार के हाजीपुर से सांसद चिराग पासवान मंगोलपुरी निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार राज कुमार चौहान के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs Sri Lanka Women's Asia Cup 2026 Final Match Scorecard: खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने श्रीलंका को हराकर 8वीं बार किया एशिया कप पर कब्जा, श्री चरणी ने की घातक गेंदबाजी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

Ganeshutsav 2026: गणेश भक्तों के लिए BJP का बड़ा तोहफा, भांडुप में जागृति पाटिल और कौशिक पाटिल ने किया मुफ्त एसटी बसों का खास इंतजाम

India vs Afghanistan, 1st T20I Match Scorecard: दिल्ली में अभिषेक शर्मा की आंधी में अफगानी गेंदबाजों की उड़ी धज्जियां, टीम इंडिया ने सात विकेट से दर्ज की धमाकेदार जीत; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

India vs Sri Lanka Women's Asia Cup 2026 Final Match Scorecard: खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने श्रीलंका के सामने रखा 184 रनों का लक्ष्य, शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड