देश की खबरें | जम्मू श्रीनगर राजमार्ग पर पहाड़ी से कार पर पत्थर गिरा, एक की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर रामबन के पास बुधवार को एक पहाड़ी से बड़ा पत्थर एक कार पर आ गिरा। इस घटना में 29 वर्षीय शख्स की मौत हो गई और दूसरा जख्मी हो गया। इसके बाद अधिकारियों ने खराब मौसम के बीच 270 किलोमीटर लंबे रणनीतिक रूप से अहम राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया।

बनिहाल/जम्मू, पांच जनवरी जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर रामबन के पास बुधवार को एक पहाड़ी से बड़ा पत्थर एक कार पर आ गिरा। इस घटना में 29 वर्षीय शख्स की मौत हो गई और दूसरा जख्मी हो गया। इसके बाद अधिकारियों ने खराब मौसम के बीच 270 किलोमीटर लंबे रणनीतिक रूप से अहम राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया।

मौसम विभाग ने इस हफ्ते के अंत तक मध्यम से भारी बर्फबारी का अनुमान जताया है।

अधिकारियों ने बताया कि एक अलग घटना में जम्मू-पुंछ राजमार्ग पर चिनगुस के पास बीएसएफ की एक बस सड़क पर फिसल कर पलट गई जिसमें बल के कम से कम पांच कर्मी जख्मी हो गए। उन्होंने बताया कि एक जवान की हालत गंभीर बताई जाती है।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन शहर के पास जायसवाल पुल के निकट दोपहर करीब पौने 12 बजे एक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर एक निजी कार पर गिर गया जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य जख्मी हो गया। यह सभी मौसम में कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली एकमात्र सड़क है।

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान श्रीनगर के बेमिना इलाके के निवासी आदिल बशीर (29) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि करोल, डिगडोले और रामसू सहित विभिन्न स्थानों से भी राजमार्ग पर पहाड़ियों से पत्थर गिरने और भूस्खलन की खबरें आई हैं। वहीं आज दोपहर को बनिहाल और आसपास के इलाकों में बर्फबारी भी शुरू हो गई है।

उन्होंने बताया कि जवाहर सुरंग सहित कश्मीर के अधिकांश हिस्सों और जम्मू क्षेत्र के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि जम्मू शहर सहित मैदानी इलाकों में मंगलवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश हुई है।

मौसम विभाग के परामर्श के मुताबिक, पांच से आठ जनवरी के दौरान मध्यम से भारी बारिश या हिमपात की संभावना है।

डोडा-किश्तवाड़-रामबन रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील गुप्ता ने यात्रियों से अनुरोध किया कि वे खराब मौसम और भूस्खलन और पत्थर गिरने के खतरे के कारण राजमार्ग पर अनावश्यक यात्रा से बचें।

उन्होंने कहा, “ एक वाहन पर पत्थर गिरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है और मौसम कार्यालय ने कई दिन तक बारिश/बर्फबारी जारी रहने का अनुमान जताया है।”

यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पत्थर गिरने और बर्फ के कारण बनिहाल में सड़क पर फिसलन की स्थिति के कारण एहतियात के तौर पर राजमार्ग पर यातायात स्थगित कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\