देश की खबरें | रेलवे स्टेशन पर भविष्य में अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए कदम उठाए गए: रेलवे

नयी दिल्ली, फरवरी रेल मंत्रालय ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ के एक दिन बाद रविवार को कहा कि भविष्य में ऐसी किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कई उपाय किए गए हैं।

भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

मंत्रालय द्वारा जारी एक प्रेस बयान में बताया गया, “यह निर्णय लिया गया है कि प्रयागराज की ओर जाने वाली सभी विशेष ट्रेनें प्लेटफॉर्म नंबर 16 से चलाई जाएंगी। इसलिए, प्रयागराज जाने के इच्छुक सभी यात्री नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की तरफ से आएंगे और जाएंगे।”

बयान में बताया गया कि सभी प्लेटफॉर्म से नियमित ट्रेनें हमेशा की तरह चलती रहेंगी।

बयान के मुताबिक, “” यह उपाय ज्यादा भीड़भाड़ वाले समय में भीड़ को एक प्लेटफॉर्म पर इकट्ठा होने से रोकने की दिशा में एक कदम है।

मंत्रालय ने यात्रियों की सहायता के लिए नई दिल्ली स्टेशन पर रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) बलों की तैनाती भी बढ़ा दी है, ताकि उन्हें उस प्लेटफॉर्म की ओर निर्देशित किया जा सके, जहां से उनकी ट्रेनें रवाना होने वाली हैं।

बयान में बताया गया, “भीड़भाड़ वाले समय में परिचालन दक्षता बढ़ाने पर ध्यान देने के अलावा, उत्तर रेलवे ने प्रयागराज की ओर जाने वाले लोगों की अतिरिक्त संख्या को कम करने के लिए शाम सात बजे तक तीन विशेष ट्रेनें चलाईं। इसमें प्रयागराज के रास्ते दरभंगा जाने वाली एक विशेष ट्रेन और प्रयागराज की ओर जाने वाली दो अतिरिक्त विशेष ट्रेनें शामिल हैं।”

बयान के मुताबिक, “प्रयागराज की ओर जाने वाली नियमित ट्रेनों के अलावा, शाम के समय की व्यस्ततम मांग को पूरा करने के लिए एक और विशेष ट्रेन रात नौ बजे रवाना होगी। प्रयागराज की ओर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए, भारतीय रेलवे ने महाकुंभ के श्रद्धालुओं के लिए कल यानी 17 फरवरी 2025 को पांच अतिरिक्त विशेष ट्रेनें निर्धारित की हैं।”

मंत्रालय ने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने का भी अनुरोध किया है और उनसे किसी भी पूछताछ और यात्री सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने को कहा है।

बयान में बताया गया, “भारतीय रेलवे को आज (रविवार) शाम पांच बजे तक इस हेल्पलाइन नंबर पर कल (शनिवार) हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से संबंधित 130 से अधिक कॉल प्राप्त हुई हैं। इसके अलावा भारतीय रेलवे के कर्मियों ने जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को उनके घर तक पहुंचाकर उनकी सहायता की और अंतिम संस्कार में भाग लिया।”

बयान के मुताबिक, “इससे पहले दिन में भारतीय रेलवे ने सभी 18 मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों को एक लाख रुपये का मुआवजा दिया गया।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)