देश की खबरें | दलितों के कल्याण के लिए काम करते हुए हरियाणा को नयी ऊंचाइयों पर ले जा रही राज्य सरकार: राज्यपाल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शुक्रवार को कहा कि नायब सैनी सरकार सभी पिछड़े समुदायों के कल्याण के लिए काम करते हुए राज्य को विकास की नयी ऊंचाइयों पर ले जा रही है।

चंडीगढ़, सात मार्च हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने शुक्रवार को कहा कि नायब सैनी सरकार सभी पिछड़े समुदायों के कल्याण के लिए काम करते हुए राज्य को विकास की नयी ऊंचाइयों पर ले जा रही है।

दत्तात्रेय ने बजट सत्र के पहले दिन विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए तीन गुना गति से आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ दर्शन के अनुरूप सरकार सभी पिछड़े और वंचित समुदायों के कल्याण व उत्थान के लिए निर्णायक कदम उठा रही है।

राज्यपाल ने सदन को संबोधित करते हुए कहा, “स्वामी विवेकानंद ने भारत के युवाओं को यह कहकर प्रेरित किया था कि ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए।’ इन शब्दों से प्रेरित होकर मेरी सरकार हरियाणा को विकास और जन कल्याण के मामले में नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ईमानदारी, दृढ़ संकल्प और समर्पण के साथ निरंतर काम कर रही है।”

वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए योजनाओं और सुविधाओं के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए एक सक्रिय दृष्टिकोण लागू किया है। उन्होंने कहा कि इस अनूठी पहल के माध्यम से अब तक 5,43,663 लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,093.40 करोड़ रुपये का लाभ सीधे जमा किया जा चुका है।’’

उन्होंने कहा कि सरकार ने हीमोफीलिया और थैलेसीमिया से पीड़ित रोगियों के लिए 3,000 रुपये मासिक पेंशन की शुरुआत की है। राज्यपाल ने कहा कि इस पेंशन के लिए कोई आयु सीमा नहीं है और यह किसी भी अन्य पेंशन के अतिरिक्त प्रदान की जाती है।

दत्तात्रेय ने किसानों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जाती है।

उन्होंने कहा कि किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने के लिए पिछले नौ सीजन में ‘ई-खरीद पोर्टल’ के माध्यम से एमएसपी पर फसलों की खरीद के लिए 12 लाख किसानों के बैंक खातों में 1,25,000 करोड़ रुपये डाले गए हैं।

दत्तात्रेय ने कहा कि राज्य सरकार यमुना नदी और इसकी सहायक नदियों गिरि और टोंस से राज्य को निरंतर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यमुना के ऊपरी इलाकों में रेणुका, किशाऊ और लखवार व्यासी बांधों के निर्माण पर भी सक्रिय रूप से काम कर रही है।

सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर मुद्दे पर दत्तात्रेय ने परियोजना को पूरा करने तथा रावी और ब्यास नदियों से पानी का वैध हिस्सा सुरक्षित करने के लिए हरियाणा सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी।

राज्यपाल ने अपने भाषण के दौरान महिला सशक्तीकरण के लिए उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया और कहा कि सरकार राज्य में पांच लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाना चाहती है, जिनमें से दो लाख महिलाएं पहले ही यह दर्जा हासिल कर चुकी हैं।

लखपति दीदी योजना का उद्देश्य देश भर में महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और व्यक्तिगत उद्यमियों को ऋण जैसे विभिन्न वित्तीय साधनों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

उन्होंने कहा कि नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत राज्य में गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुखी और शोध आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 से सभी विश्वविद्यालयों और उनसे संबद्ध महाविद्यालयों में इस नीति को लागू कर दिया गया है।

उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है तथा सांप्रदायिक सौहार्द व शांति का माहौल कायम है।

दत्तात्रेय ने कहा कि 2024 में राज्य में कुल 1,11,397 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जो उसके पिछले वर्ष की तुलना में आपराधिक मामलों में 12.7 प्रतिशत की कमी दर्शाता है।

उन्होंने नये आपराधिक कानूनों के बारे में कहा कि सरकार 31 मार्च, 2025 तक तीन नये आपराधिक कानूनों को पूरी तरह लागू करके हरियाणा को ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस बीच, राज्यपाल ने कहा कि सरकार हरियाणा के राज्य परिवहन बेड़े को 4,000 से बढ़ाकर 5,300 बसों का करने की योजना बना रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में लंबी दूरी की यात्रा के लिए इलेक्ट्रिक बसें शुरू की जाएंगी, गुरुग्राम और फरीदाबाद में सिटी बस सेवाएं पहले ही शुरू की जा चुकी हैं।

उन्होंने “मिशन हरियाणा-2047” कार्यबल की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य राज्य के सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) को 2047 तक एक हजार अरब डॉलर तक बढ़ाना है और यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत को पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में भी योगदान देगा। राज्यपाल ने कहा कि गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के किनारे 1,000 एकड़ में एक वैश्विक शहर विकसित किया जा रहा है और खरखौदा और सोहना में औद्योगिक मॉडल टाउनशिप विकास के विभिन्न चरणों में हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\