विदेश की खबरें | श्रीलंका: प्रधानमंत्री के निजी आवास में आगजनी; तीन गिरफ्तार, सीआईडी ने जांच संभाली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के यहां स्थित निजी आवास पर की गई आगजनी की घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किये जाने के कुछ घंटों बाद जांच की जिम्मेदारी रविवार को अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने संभाल ली।
कोलंबो, 10 जुलाई श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के यहां स्थित निजी आवास पर की गई आगजनी की घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किये जाने के कुछ घंटों बाद जांच की जिम्मेदारी रविवार को अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने संभाल ली।
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, श्रीलंका की पुलिस ने सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री के निजी आवास को शनिवार को आग के हवाले करने को लेकर रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
देश में अभूतपूर्व आर्थिक संकट को लेकर आक्रोशित प्रदर्शनकारियों का एक समूह शनिवार को यहां कैम्ब्रिज प्लेस स्थित विक्रमसिंघे के निजी आवास में घुस गया और इसे आग के हवाले कर दिया।
डेली मिरर अखबार द्वारा ट्विटर पर जारी एक वीडियो में आगजनी से क्षतिग्रस्त आवास और एक क्षतिग्रस्त कार को देखा जा सकता है। पेंटिग और अन्य कलाकृतियां आवास तथा परिसर में बिखरी पड़ी नजर आ रही हैं।
वेब पोर्टल ‘कोलंबो पेज’ की खबर में पुलिस के प्रवक्ता एसएसपी निहाल तलदुआ के हवाले से कहा है कि गिरफ्तार किये गये लोगों में माउंट लवीनिया निवासी 19 वर्षीय एक व्यक्ति और गाले निवासी 24 एवं 28 साल के दो व्यक्ति शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि घटना के सिलसिले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं, क्योंकि पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
पुलिस ने बताया कि घटना की जांच सीआईडी को सौंप दी गई है।
वेब पोर्टल ‘लंका फर्स्ट’ की खबर के मुताबिक, तलदुआ ने कहा कि संदिग्धों को फिलहाल कोलपेट्टी पुलिस की हिरासत में रखा गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)