देश की खबरें | मैनपुरी-खतौली में सपा की जोरदार जीत : रामपुर में भाजपा की ऐतिहासिक विजय

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा और खतौली विधानसभा उपचुनाव समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए खासे उत्साहजनक रहे, मगर अरसे से सपा के गढ़ रहे रामपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उसे पछाड़कर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली।

लखनऊ, आठ दिसंबर उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा और खतौली विधानसभा उपचुनाव समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए खासे उत्साहजनक रहे, मगर अरसे से सपा के गढ़ रहे रामपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उसे पछाड़कर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली।

बृहस्पतिवार सुबह मतगणना का पिटारा खुलने पर मैनपुरी लोकसभा और रामपुर तथा खतौली विधानसभा क्षेत्रों में सपा उम्मीदवारों ने दबदबा दिखाया, लेकिन दोपहर बाद रामपुर में पासा पलटा और भाजपा ने रामपुर सदर क्षेत्र में करीब 40 साल तक रहे पूर्व मंत्री आजम खां के वर्चस्व को तोड़ दिया। भाजपा ने आजादी के बाद पहली बार इस क्षेत्र से जीत हासिल कर ली।

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी और पार्टी मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य को दो लाख 88 हजार 461 मतों से पराजित किया। यह सीट सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण खाली हुई थी।

मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट के उपचुनाव में सपा गठबंधन के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक दल के मदन भैया ने भाजपा को झटका देते हुए उसकी प्रत्याशी और निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजकुमारी सैनी को 22 हजार 143 वोटों से हराया। यह सीट भाजपा विधायक विक्रम सैनी को मुजफ्फरनगर दंगों से जुड़े एक मामले में दो साल की सजा सुनाई जाने के बाद उनकी सदस्यता रद्द होने के कारण रिक्त हुई थी। इस क्षेत्र को भाजपा का गढ़ माना जाता है।

वहीं, रामपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और आजम खां के बेहद करीबी माने जाने वाले सपा के आसिम राजा को 34 हजार 136 मतों से पराजित कर ऐतिहासिक जीत हासिल की। यह सीट आजम खां को नफरत भरा भाषण देने के मामले में पिछले महीने तीन साल की सजा सुनाये जाने के बाद उनकी सदस्यता रद्द होने के चलते रिक्त हुई थी।

इन उपचुनावों में बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार नहीं उतारे थे।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में पार्टी की जीत के लिए मैनपुरी की जनता, अपने चाचा शिवपाल यादव समेत पार्टी संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई एवं धन्यवाद दिया।

उन्होंने डिंपल की जीत के बाद मैनपुरी में संवाददाताओं से बातचीत में कहा "मैनपुरी की यह जीत नेताजी (मुलायम सिंह यादव) को समर्पित है। यह मैनपुरी के मतदाताओं की जीत है और उन्होंने नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। मैनपुरी की जनता ने नकारात्मक राजनीति करने वालों को पीछे छोड़ने का काम किया है।"

अखिलेश ने खतौली में अपने सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल के प्रत्याशी मदन भैया को भी जीत की बधाई दी। वहीं, रामपुर में सपा की हार पर दुख जताते हुए कहा "मुझे दुख है इस बात का कि रामपुर में प्रशासन ने पहले तो वोट नहीं डालने दिया, फिर अन्याय किया। अगर रामपुर में निष्पक्ष चुनाव होता तो वहां अब तक की सबसे बड़ी जीत होती।"

रामपुर सदर विधानसभा चुनाव में अपनी पराजय से नाराज सपा उम्मीदवार ने अपनी हार के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा "मेरी हार खाकी वर्दी वालों को मुबारक हो।"

इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उप चुनाव में जीते सभी प्रत्याशियों को बधाई दी।

उन्होंने ट्वीट में कहा "उत्तर प्रदेश में मैनपुरी, रामपुर एवं खतौली उपचुनाव में विजयी सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई। भारतीय जनता पार्टी ने रामपुर की सीट पर पहली बार विजय प्राप्त की है, इसके लिए श्री आकाश सक्सेना समेत रामपुर के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई एवं जनता-जनार्दन के प्रति आभार।"

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव जीतने पर सपा उम्मीदवार डिंपल यादव को ट्वीट कर बधाई दी।

उपचुनाव के नतीजों के बाद राज्य विधानसभा में सपा गठबंधन और भाजपा के संख्या बल पर कोई असर नहीं पड़ा है, क्योंकि सपा ने जहां रामपुर विधानसभा सीट खोई है, वहीं उसके गठबंधन के सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल ने खतौली सीट भाजपा से छीन ली है।

भाजपा ने इस नुकसान की भरपाई रामपुर विधानसभा सीट जीतकर की है। अब राज्य विधानसभा में जहां सपा गठबंधन की पहले की ही तरह कुल 119 सीट हैं, वहीं भाजपा का 255 का आंकड़ा बरकरार है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

RCB vs DC, IPL 2026 26th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम दिल्ली कैपिटल्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

RCB vs DC, IPL 2026 26th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 26वें मुकाबले में जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स करना चाहेगी वापसी, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

RSAW vs INDW, 1st T20I Match Live Score Update: किंग्समीड में दक्षिण अफ्रीका महिला बनाम भारत महिला के बीच खेला जा रहा है पहला टी20 मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

RSAW vs INDW, 1st T20I Match Live Toss And Scorecard: किंग्समीड स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका महिला के कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड