देश की खबरें | तेज रफ्तार कार ने भीड़ को रौंदा, एक की मृत्यु, 16 अन्य घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा 16 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने कार सवार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
जशपुर, 15 अक्टूबर छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा 16 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने कार सवार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
जशपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यहां बताया कि जिले के पत्थलगांव में तेज रफ्तार कार ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे ग्रामीणों को कुचल दिया । इस घटना में गौरव अग्रवाल (21) की मौत हो गई है तथा 16 अन्य घायल हो गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने कार सवार मध्यप्रदेश निवासी बबलू विश्वकर्मा (21) और शिशुपाल साहू (26) को गिरफ्तार कर लिया है। कार सवारों पर आरोप है कि वे वाहन से गांजे की तस्करी कर रहे थे। कार में आग लगा दी गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली कि पत्थलगांव में बाजारपारा से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन झांकी निकाली गई थी। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग वहां एकत्र थे। जब लोग सड़क पर थे तब एक तेज रफ्तार कार वहां पहुंची और लोगों को रौंदते हुए निकल गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद लोगों ने कार का पीछा किया और कुछ दूरी पर कार को रोक लिया गया। भीड़ ने कार सवार युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया, वहीं कार में आग लगा दी गई है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। जिले के पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंच गए हैं।
राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जशपुर की घटना पर दुख जताया है। बघेल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘जशपुर की घटना बहुत दुखद और हृदयविदारक है। दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया दोषी दिख रहे पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है। जांच के आदेश दिए गए हैं। कोई भी बख्शा नहीं जाएगा। सबके साथ न्याय होगा। ईश्वर दिवंगत जनों की आत्मा को शांति दे।घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूँ।’’
जशपुर जिले की इस घटना का सोशल मीडिया में वीडियो भी वायरल हो गया है। इस वीडियो में एक लाल रंग की तेज रफ्तार कार भीड़ को कुचलते हुए आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। वहीं अन्य वीडियो में आक्रोशित ग्रामीण और जलती हुई कार दिखाई दे रही है।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया और कहा, 'ये वीडियो बेहद दर्दनाक है। छत्तीसगढ़ में नशा माफियाओं के हौसले बुलंद हो गए हैं, अब क्या धार्मिक जुलूस निकालने वालों को ऐसे ही कुचल दिया जाएगा। जशपुर एसपी को तत्काल हटाया जाए। मृतकों के परिजन को 50 लाख रुपये का मुआवजा और घायलों के इलाज की तुरंत व्यवस्था की जानी चाहिए।'
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)