देश की खबरें | सोनिया और मनमोहन ने ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर दुख जताया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पार्टी के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि देश एवं कर्नाटक के लिए उनकी सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा तथा वह लोगों के लिए प्रेरणा रहेंगे।
नयी दिल्ली, 13 सितंबर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पार्टी के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि देश एवं कर्नाटक के लिए उनकी सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा तथा वह लोगों के लिए प्रेरणा रहेंगे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का सोमवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। फर्नांडिस 80 साल के थे। फर्नांडिस के परिवार में उनकी पत्नी और दो संतान हैं।
सोनिया ने शोक संदेश में कहा कि ऑस्कर फर्नांडिस एक घोर कांग्रेसी, दिग्गज सांसद, संवेदनशील मंत्री रहे जिन्होंने श्रमिकों एवं वंचितों के अधिकारों की पैरोकारी की। वह समर्पित संगठन निर्माता थे जिन्होंने सभी स्तरों पर काम किया।
उन्होंने कहा, ‘‘उनकी विन्रमता, योग्यता, सरलता और निष्ठा सभी के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। उनका जाना हर कांग्रेस कार्यकर्ता और देश के लिए बड़ी क्षति है। मैं अपने इस शानदार सहयोगी को सलाम करती हूं। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’’
मनमोहन सिंह ने फर्नांडिस की पत्नी ब्लॉसम फर्नांडिस को शोक संदेश भेजकर संवेदना प्रकट की।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे प्रिय ऑस्कर फर्नांडिस के असामयिक निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। अपनी कड़ी मेहनत, मिलनसार स्वभाव और लोकप्रियता से वह कर्नाटक से कांग्रेस के सबसे कद्दावर नेता बने जिन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्णयों में पार्टी की मदद की।’’
सिंह ने कहा, ‘‘कर्नाटक के आम लोगों के बीच उनकी लोकप्रियता का प्रमाण यह है कि वह पांच बार लोकसभा और दो बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। वह एक गुणवान नेता और सक्षम प्रशासक थे जिन्होंने संप्रग सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में सेवा की। देश और विशेषकर कर्नाटक के लिए उनकी सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा।’’
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)