देश की खबरें | सिसोदिया ने दिल्ली में तीन अंडरपास का शिलान्यास किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को यहां शालीमार बाग में तीन नए अंडरपास का शिलान्यास किया। इनका निर्माण 59.5 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

नयी दिल्ली, 27 सितंबर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को यहां शालीमार बाग में तीन नए अंडरपास का शिलान्यास किया। इनका निर्माण 59.5 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

एक सरकारी बयान में बताया गया है कि अंडरपास से मुकरबा चौक और हैदरपुर बादली मेट्रो के आसपास यातायात जाम से राहत मिलेगी।

बयान में सिसोदिया ने कहा कि पहला अंडरपास हैदरपुर बादली मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर तीन के पास पैदल चलने वालों के लिए बनाया जाएगा, जबकि दूसरा बादली या आउटर रिंग रोड और शालीमार बाग के बीच चलने वाले वाहनों के लिए बनाया जाएगा।

फिलहाल बादली या आउटर रिंग रोड की ओर जाने वाली गाड़ियों को मुकरबा चौक और शालीमार बाग के बीच ‘लूप रोड’ का इस्तेमाल करना पड़ता है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अंडरपास बनने के बाद रास्ता डेढ़ किलोमीटर कम हो जाएगा।

सिसोदिया ने कहा कि तीसरा अंडरपास एलिवेटेड रोड के जरिए संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर से आजादपुर के बीच चलने वाले वाहनों के लिए बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह अंडरपास मुकरबा चौक पर लगने वाले यातायात जाम को खत्म करेगा और लोगों के वक्त को बचाएगा।

सिसोदिया ने कहा कि तीनों अंडरपास एक साल में बनकर तैयार हो जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now