खेल की खबरें | सिराज को पता है वह कभी भी किसी को भी आउट कर सकता है, उसकी प्रगति से हैरान नहीं: कोहली

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. मोहम्मद सिराज की सफलता से भारतीय कप्तान विराट कोहली हैरान नहीं हैं जिनका कहना है कि इस तेज गेंदबाज का आत्मविश्वास ऐसे स्तर पर पहुंच गया है जहां उनका मानना है कि वह खेल में किसी भी समय किसी भी बल्लेबाज को आउट कर सकते हैं।

लीड्स, 24 अगस्त मोहम्मद सिराज की सफलता से भारतीय कप्तान विराट कोहली हैरान नहीं हैं जिनका कहना है कि इस तेज गेंदबाज का आत्मविश्वास ऐसे स्तर पर पहुंच गया है जहां उनका मानना है कि वह खेल में किसी भी समय किसी भी बल्लेबाज को आउट कर सकते हैं।

मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह और इशांत शर्मा की मौजूदगी वाली तेज गेंदबाजी चौकड़ी के सबसे युवा सदस्य हैदराबाद के 27 साल के सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट में 11 विकेट चटकाए हैं।

उनकी सटीक लाइन और लेंथ तथा गेंद पर नियंत्रण ने घरेलू टीम के बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया है। सिराज ने आठ विकेट लार्ड्स के दूसरे टेस्ट के दौरान चटकाए जिससे भारत ने 151 रन से जीता।

कोहली ने कहा कि आस्ट्रेलिया दौरा सिराज के आत्मविश्वास को नए स्तर पर ले गया।

कोहली ने तीसरे टेस्ट की पूर्व संध्या पर आनलाइन प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘मैं बिलकुल भी हैरान नहीं हूं (उसकी प्रगति से) क्योंकि मैंने उसे करीब से देखा है। वे ऐसा खिलाड़ी है जिसके पास कौशल हमेशा से था। आपको इस कौशल का साथ देने के लिए आत्मविश्वास की जरूरत थी, आस्ट्रेलिया श्रृंखला में उसे यह आत्मविश्वास दिया।’’

कप्तान ने कहा, ‘‘वह जब मैदान पर उतरता है जो उसे पता है कि वह कभी भी किसी को भी आउट कर सकता है और अपने खेल पर उसका विश्वास नए स्तर पर पहुंच गया है जिसके कारण वह जो कर रहा है उसका नतीजा दिख रहा है।’’

कोहली ने कहा कि सिराज के आत्मविश्वास ने उन्हें आक्रामक बना दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘उसे अपने रंग में रंगा देखकर मैं बेहद खुश हूं, वह ऐसा गेंदबाज बनेगा जो आंख से आंख मिलाकर खेलेगा और खिलाड़ियों को आउट करने की कोशिश करेगा और जो डरेगा नहीं, वह पीछे नहीं हटेगा।’’

कोहली ने सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा और लोकेश राहुल की भी तारीफ की और उम्मीद जताई कि उनकी अच्छी फॉर्म जारी रहेगी।

रोहित ने दो टेस्ट की चार पारियों में अब तक 36, 12, 83 और 21 रन बनाए हैं जबकि राहुल ने 84, 26, 129 और पांच रन का योगदान दिया है जिससे भारत अच्छी शुरुआत हासिल करने में सफल रहा है।

कोहली ने कहा, ‘‘जब आप विदेशी सरजमीं पर खेलते हो तो सलामी जोड़ी का संयोजन सबसे महत्वपूर्ण पहलुओं में से एक होता है। इसलिए लोकेश राहुल और रोहित शर्मा ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है वह शानदार है और हमें उम्मीद है कि वे इसी तरह खेलना जारी रखेंगे। ’’

कोहली ने कहा कि उन्हें लार्ड्स में जिस तरह का विकेट मिला उन्होंने उससे अलग तरह के विकेट की उम्मीद की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह की पिच थी उसे देखकर हम हैरान थे, ईमानदारी से कहूं तो मैंने इसकी उम्मीद नहीं की थी और मैंने सोचा था कि अधिक घास होगी।’’

यह पूछने पर कि क्या अपनी गलतियों के कारण विरोधी कप्तान जो रूट दबाव में थे विशेषकर तब जब वह भारत के पुछल्ले बल्लेबाजों शमी और बुमराह को दूसरी पारी में आउट नहीं कर पाए। कोहली ने इस मुद्दे पर रूट का समर्थन किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि किसी व्यक्ति की मानसिकता क्या है? किसी भी चरण में आप योजना को लेकर गलती कर सकते हो, इसका मतलब यह नहीं कि आप दबाव में हो।’’

कोहली ने कहा, ‘‘आप फैसला करते हो, जो सही नहीं निकलता। एक कप्तान के रूप में आप हमेशा सही फैसला करने की कोशिश करते हो और मुझे यकीन है कि वह भी ऐसा ही करने का प्रयास कर रहा था।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी