देश की खबरें | सिद्धरमैया ने चालक के आत्महत्या के प्रयास के संबंध में कुमारस्वामी के आरोप को खारिज किया

बेंगलुरु, छह जुलाई कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने परिवहन विभाग के एक चालक के आत्महत्या के प्रयास के संबंध में जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच डी कुमारस्वामी की ओर से लगाए गए आरोपों को बृहस्पतिवार को खारिज कर दिया।

सिद्धरमैया ने कहा कि कुमारस्वामी 'हताशा में' आकर झूठे आरोप लगा रहे हैं।

दरअसल, एच डी कुमारस्वामी ने कृषि मंत्री एन चालुवरायस्वामी पर एक सरकारी बस चालक-सह-परिचालक को आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।

मई में 224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस 135 सीटें जीतकर सत्ता में आई है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने 66 और जद (एस) ने 19 सीटें हासिल कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘चालक ने अपने सुसाइड नोट में मंत्री चालुवरायस्वामी का नाम लिया है। चालक की पत्नी एक पंचायत सदस्य हैं जो पंचायत अध्यक्ष बनने की इच्छुक थीं। उन्होंने जहर पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है, क्योंकि परिवहन विभाग ने उनका तबादला कर दिया है।’’

उन्होंने राज्य सरकार में 'तबादला कारोबार' के आरोप लगाने पर भी कुमारस्वामी की आलोचना की।

सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘कुमारस्वामी तबादलों को लेकर हताशा में प्रतिक्रिया दे रहे हैं। शासन में स्थानांतरण प्रक्रिया नियमित है और इसे चलाया जा रहा है। जब कुमारस्वामी मुख्यमंत्री थे, तो उनके कार्यकाल में भी तबादले हुआ करते थे। क्या इसके लिए उन्हें पैसे मिला करते थे?’’

उन्होंने यह भी कहा कि कुमारस्वामी झूठे आरोप लगा रहे हैं कि सरकारी कर्मचारियों के तबादलों के लिए सौदे हुए और रिश्वत ली गई।

उन्होंने कहा कि आरोप धारणाओं पर नहीं लगाए जा सकते। सिद्धरमैया ने कहा कि चूंकि, नयी सरकार सत्ता में है, इसलिए प्रशासन के हित में तबादले किए जाएंगे। मार्च और अप्रैल में चुनाव आचार संहिता लागू थी, इसलिए तबादले नहीं किए गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब सामान्य रूप से तबादले किये जा रहे हैं।

कुमारस्वामी द्वारा एक ऑडियो (भ्रष्टाचार के संबंध में) जारी करने संबंधी दावे के बारे में पूछे जाने पर सिद्धरमैया ने कहा कि उनके आरोप निराधार हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)