देश की खबरें | सिद्धरमैया ने भाजपा को 16 साल में हुए घोटालों की न्यायिक जांच का आदेश देने की चुनौती दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को प्रदेश की भाजपा सरकार को उनके पांच साल के कार्यकाल सहित पिछले 16 वर्षों में हुए कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ न्यायिक जांच का आदेश देने की चुनौती दी।

गुंडलुपेट (कर्नाटक), एक अक्टूबर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को प्रदेश की भाजपा सरकार को उनके पांच साल के कार्यकाल सहित पिछले 16 वर्षों में हुए कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ न्यायिक जांच का आदेश देने की चुनौती दी।

कांग्रेस नेता ने संवाददाता सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला करते हुए कहा कि जब वह मुख्यमंत्री थे, तो मार्च 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना किसी दस्तावेजी सबूत के राज्य में '10 प्रतिशत कमीशन की सरकार' होने का आरोप लगाया था।

उन्होंने कहा कि अब ठेकेदार निकाय केम्पन्ना के प्रमुख ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार में मंत्री सार्वजनिक कार्यों के लिये 40 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे हैं।

सिद्धरमैया ने कहा, "केम्पन्ना कह रहा है, ‘एक न्यायिक आयोग का गठन करें। हम प्रासंगिक दस्तावेज पेश करेंगे। अगर हम अपने आरोप को साबित करने में विफल रहते हैं, तो आप हमारे खिलाफ कोई भी कार्रवाई कर सकते हैं।’ अगर आप ईमानदार हैं तो आप ऐसा क्यों नहीं कर रहे हैं?"

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब वह मुख्यमंत्री थे और भाजपा केंद्र में थी, तब आठ 'आरोप' केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपे गए थे, लेकिन अब कमीशन से संबंधित आरोप सीबीआई को क्यों नहीं सौंपे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, "भाजपा का कहना है कि राज्य में कांग्रेस के शासन के दौरान भ्रष्टाचार हुआ था। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वह पिछले 16 वर्षों में हुए सभी मामलों की न्यायिक जांच का आदेश दे, जिसमें भाजपा 10 वर्षों तक सत्ता में रही। लेकिन उनमें (भाजपा) ऐसा करने की हिम्मत नहीं है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\