श्रमिक विशेष ट्रेन हिमाचल प्रदेश पहुंची, कांगड़ा के 188 यात्री भी पहुंचे
एक अधिकारी ने यहां बताया कि श्रमिक विशेष ट्रेन सैकड़ों यात्रियों को बेंगलुरू से ऊना लेकर पहुंची जहां से उन्हें राज्य के अन्य जिलों में भेजा गया।
धर्मशाला (हिप्र), 13 मई हिमाचल में बुधवार को पहली श्रमिक विशेष ट्रेन पहुंची, जिसमें कांगड़ा जिले के 188 प्रवासी श्रमिक भी आए।
एक अधिकारी ने यहां बताया कि श्रमिक विशेष ट्रेन सैकड़ों यात्रियों को बेंगलुरू से ऊना लेकर पहुंची जहां से उन्हें राज्य के अन्य जिलों में भेजा गया।
उपायुक्त राकेश प्रजापति ने बताया कि कांगड़ा जिले में लौटने वाले लोगों को 28 दिनों के लिए पृथक केंद्रों में रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिले में मंगलवार तक कुल 42,323 व्यक्तियों को घर ही पृथक-वास में रखा गया है और इस संख्या में आज एक हजार और लोग जुड़ गए हैं जो अन्य राज्यों से घर लौट रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि हालांकि पिछले कुछ दिनों में अन्य राज्यों से कांगड़ा लौटने वाले लोगों की संख्या में कमी आई है, लेकिन करीब आठ हजार और लोगों के वापस आने की उम्मीद है जिससे जिले में लौटने वालों की संख्या लगभग 50,000 हो जाएगी।
प्रजापति ने बताया कि अबतक जिले के टांडा (आरपीजीएमसी) में 1650 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से 15 के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)