मुंबई, पांच अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता किरीट सोमैया द्वारा दायर शिकायत के सिलसिले में शिवसेना (यूबीटी) विधायक रविंद्र वायकर अपना बयान दर्ज कराने के लिए मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के समक्ष पेश हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सोमैया ने इस साल के शुरुआत में पुलिस से शिकायत की कि वायकर 500 करोड़ रुपये के घोटाले में संलिप्त हैं।
अधिकारी ने बताया कि वायकर मुंबई पुलिस के मुख्यालय पूर्वाह्न करीब 10 बजे पहुंचे और अपना बयान दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ईओडब्ल्यू ने सोमैया की शिकायत के आधार पर प्राथमिक जांच की शुरुआत की।
अधिकारी ने बताया कि ईओडब्ल्यू ने बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के उद्यान एवं भवन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस जारी कर जांच से जुड़ने को कहा।
सोमैया ने शिकायत की है कि वायकर ने कथित तौर पर उद्यान के लिए आरक्षित भूमि पर पंच सितारा होटल बनाने की अवैध मंजूरी ली। शिकायत के मुताबिक वायकर ने कथित तौर पर अपने राजनीतिक रसूक का इस्तेमाल कर मंजूरी प्राप्त की जिससे बीएमसी को भारी नुकसान हुआ।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ईडब्ल्यू हर मिलने वाली शिकायत की प्राथमिक जांच करती है लेकिन अब तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की है और जांच जारी है।’’
वायकर विधानसभा में मुंबई के जोगेश्वरी पूर्व विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY