देश की खबरें | शमा ने रोहित शर्मा पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, कांग्रेस ने फटकारा तो खेल मंत्री ने शर्मनाक बताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के बारे में यह आपत्तिजनक टिप्पणी करके विवाद खड़ा कर दिया कि वह ‘मोटे’ हैं और ‘अप्रभावी’ कप्तान भी हैं।

नयी दिल्ली, तीन मार्च कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के बारे में यह आपत्तिजनक टिप्पणी करके विवाद खड़ा कर दिया कि वह ‘मोटे’ हैं और ‘अप्रभावी’ कप्तान भी हैं।

इसको लेकर कांग्रेस ने उन्हें फटकार लगाई और आगे से ऐसी टिप्पणियों से बचने की नसीहत दी।

पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि शमा की टिप्पणी कांग्रेस का मत नहीं है।

दूसरी तरफ, खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर निशाना साधा तथा कद-काठी को लेकर की दिये गए बयान को शर्मनाक करार दिया।

शमा ने सोशल मीडिया मंच ‘‘एक्स’’ पर रविवार देर रात पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने शर्मा को ‘मोटा’ और ‘अप्रभावी कप्तान’ कहा था। उन्होंने अपने विवादित पोस्ट को हटा दिया है।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी)के वरिष्ठ नेता सौगत रॉय ने शमा का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ने जो कहा है वह सही है और रोहित शर्मा को टीम में होना ही नहीं चाहिए।

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने शमा और रॉय के बयानों को लेकर कांग्रेस तथा टीएमसी पर निशाना साधते हुए एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘कांग्रेस और टीएमसी को खिलाड़ियों को अकेला छोड़ देना चाहिए क्योंकि वे अपने पेशेवर जीवन को संभालने में पूरी तरह सक्षम हैं।’’

मांडविया ने कहा, ‘‘इन दलों के नेताओं द्वारा की गई टिप्पणियां, कद-काठी को लेकर टिप्पणी में संलिप्त होना और टीम में एक एथलीट की जगह पर सवाल उठाना, न केवल बेहद शर्मनाक है बल्कि पूरी तरह से निंदनीय भी है। ’’

उनका कहना था कि इस तरह की टिप्पणियां खिलाड़ियों द्वारा वैश्विक मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए की गई कड़ी मेहनत और त्याग को कमतर करती हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद को आड़े हाथों लेते हुए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि ऐसे में जबकि भारतीय टीम चैम्पियंस ट्रॉफी खेल रही है , एक जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा इस तरह का ‘ओछा’ बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है ।

भारतीय टीम चैम्पियंस ट्रॉफी में दुबई में मंगलवार को आस्ट्रेलिया से सेमीफाइनल खेलेगी।

सैकिया ने ‘पीटीआई-’ से कहा ,‘‘ यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक जिम्मेदार व्यक्ति ऐसा ओछा बयान दे रहा है, जब टीम इतना महत्वपूर्ण आईसीसी टूर्नामेंट खेल रही है । इससे व्यक्ति या टीम का मनोबल गिर सकता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\