देश की खबरें | शाह ने किसानों से बुराड़ी मैदान जाने की अपील की; कहा- उनके वहां पहुंचते ही सरकार वार्ता को तैयार
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 28 नंवबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को किसानों से अपील की कि वे अपना विरोध प्रदर्शन करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी के बुराड़ी मैदान में चले जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों के निर्धारित स्थल पर जाते ही केंद्र सरकार उनके साथ वार्ता करने के लिए तैयार है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने उत्तरी दिल्ली के निरंकारी मैदान में पानी, शौचालय और चिकित्सा देखभाल की व्यवस्था की है ताकि किसानों को कोई असुविधा न हो और वे वहां लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना प्रदर्शन कर सकें।

यह भी पढ़े | 2 दिसंबर को मुंबई जाएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के हर युवक को नौकरी देने के लक्ष्य से उद्यमियों को देंगे निवेश का न्योता.

गृह मंत्रालय के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर शाह की अपील को पोस्ट किया गया है। यह अपील हिंदी में की गई है।

शाह ने अपनी अपील में कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों से, पंजाब और हरियाणा तथा देश के कुछ अन्य हिस्सों के किसान दिल्ली की सीमा पर आए हुए हैं। किसान कल से ही दिल्ली की सीमा के पास दो प्रमुख राजमार्गों पर इकट्ठा हो गए हैं। किसानों को भारी ठंड के कारण काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अन्य लोगों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।’’

यह भी पढ़े | PM Modi ने अहमदाबाद, हैदराबाद और पुणे की लैबों में बन रही कोरोना वैक्सीन का लिया जायजा, कहा- इस लड़ाई में पड़ोसी देशों की भी करेंगे मदद.

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, हमारे किसान भाइयों से मेरी विनम्र अपील है कि सरकार ने दिल्ली के बुराड़ी में आपके लिए उचित व्यवस्था की है, जहाँ आप अपना प्रदर्शन कर सकते हैं।’’

शाह ने कहा कि किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल को उनकी समस्याओं पर विस्तृत बातचीत के लिए केंद्र सरकार की ओर से 3 दिसंबर को आमंत्रित किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)