देश की खबरें | उत्तर भारत में भीषण गर्मी, दिल्ली के कुछ हिस्सों में तापमान 49 डिग्री के पार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर भारत में रविवार को भीषण लू चलने के साथ दिल्ली के कुछ इलाकों में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। इसके साथ ही मौसम विभाग ने सोमवार से कुछ राहत मिलने का अनुमान जताया है।

नयी दिल्ली, 15 मई उत्तर भारत में रविवार को भीषण लू चलने के साथ दिल्ली के कुछ इलाकों में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। इसके साथ ही मौसम विभाग ने सोमवार से कुछ राहत मिलने का अनुमान जताया है।

हरियाणा के गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 10 मई 1966 के 49 डिग्री सेल्सियस तापमान के बाद से सर्वाधिक है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को कहा कि उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुंगेशपुर में तापमान 49.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में तापमान नजफगढ़ में 49.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पारा 48.4 डिग्री दर्ज किया गया जबकि जफरपुर, पीतमपुरा और रिज में तापमान क्रमश: 47.5 डिग्री, 47.3 डिग्री और 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला जहां के आंकड़ों को दिल्ली का मानक माना जाता है, वहां भी अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

राजधानी के आयानगर, पालम और लोधी रोड वेधशाला में तापमान में वृद्धि देखी गई और इन वेधशालाओं में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.8 डिग्री, 46.4 डिग्री और 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी के सभी मौसम केंद्रों में लू दर्ज की गई। आईएमडी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को आंधी चलने का अनुमान है।

पंजाब में, मुक्तसर में अत्यधिक गर्म मौसम रहा, जहां दिन का तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा में अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री जबकि रोहतक में अधिकतम 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस जबकि करनाल में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जबकि अमृतसर में 46.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लुधियाना में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री जबकि पटियाला में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जालंधर और होशियारपुर में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.2 डिग्री और 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मोगा में अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री जबकि फिरोजपुर में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच, मौसम विभाग ने मंगलवार को दोनों राज्यों में भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने का अनुमान जताया है। विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है जबकि अगले 48 घंटों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है।

अधिकारियों ने कहा कि जम्मू कश्मीर में, जम्मू क्षेत्र के अधिकतर हिस्सों में लू का प्रकोप रहा और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान मौसम के उच्च स्तर 43.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। कटरा में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि शनिवार को वहां तापमान 31.3 डिग्री दर्ज किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में रात का तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा, जहां न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने सोमवार शाम से भीषण गर्मी से राहत मिलने का अनुमान जताया है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘16 मई तक शुष्क और साफ मौसम जारी रहने की संभावना है। 16 मई (शाम) से 18 मई तक मध्यम बारिश या कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, गरज के साथ बौछार पड़ने और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है।’’

मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से में रविवार को उमस भरे मौसम से लोगों को थोड़ी राहत मिली और तापमान में लगभग एक डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई, जबकि छतरपुर जिले के नौगांव और खजुराहो में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पी के साहा ने बताया कि नौगांव और खजुराहो शहर में रविवार को भीषण लू की स्थिति रही।

रविवार को राज्य के दमोह, सतना, ग्वालियर, सीधी एवं रीवा जिले लू की चपेट में रहे। भोपाल में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में 41.4 डिग्री सेल्सियस , जबलपुर में 43.9 डिग्री सेल्सियस और ग्वालियर में 46.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक होने पर लू की स्थिति घोषित की जाती है। आईएमडी के अनुसार, यदि तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री से अधिक है तो गंभीर लू की स्थिति घोषित की जाती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

IPL 2026 Points Table With Net Run-Rate (NRR): राजस्थान रॉयल्स से जीतकर सातवें पायदान पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स, टॉप तीन पर इन टीमों का कब्जा, देखें अपडेट पॉइंट्स टेबल

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से दी करारी शिकस्त, केएल राहुल और अभिषेक पोरेल ने खेली ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

CSK vs SRH, IPL 2026 63rd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा चेन्नई सुपरकिंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Central Railway: RPF ने चार महीने में 584 बच्चों और जरूरतमंद लोगों को परिवार से मिलाया, 25 यात्रियों की बचाई जान