देश की खबरें | उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड बरकरार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप बरकरार रहा, हालांकि दिन में आसमान साफ होने और धूप खिलने की वजह से अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई।

नयी दिल्ली, 12 जनवरी उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप बरकरार रहा, हालांकि दिन में आसमान साफ होने और धूप खिलने की वजह से अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कई हिस्सों में ठंड से अत्यधिक ठंड की स्थिति बरकरार रह सकती है।

विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 10 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है जबकि पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री कम 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

‘ठंडे दिन’ से मतलब, जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम या उसके बराबर हो और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे हो। अत्यधिक ठंडे दिन से मतलब जब अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक नीचे हो।

दिल्ली में शीत लहर का प्रकोप जारी रहा और शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा के अंबाला में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पंजाब के लुधियाना और पटियाला में अधिकतम तापमान क्रमशः 11.4 डिग्री सेल्सियस और 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग छह डिग्री कम रहा।

राजस्थान के गंगानगर में तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश के बरेली में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग छह डिग्री कम 12.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

उत्तर भारत के कई हिस्सों में 30-31 दिसंबर से कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी मैदानी इलाकों में शुक्रवार की सुबह कोहरे की परत छाई रही और यह पूर्वोत्तर तक फैल गई, जिससे दृश्यता कम हो गई और रेल यातायात प्रभावित हुआ।

भारतीय रेल के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 23 रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं।

उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार पर कोहरे की एक परत दिखाई दी, जो पूर्वोत्तर भारत तक फैली हुई है। ओडिशा में भी कई स्थानों पर कोहरा छाया रहा।

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम वेधशाला में दृश्यता का स्तर शून्य हो गया।

आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग हवाई अड्डे पर दृश्यता कम होने से 200 मीटर की दूरी तक ही दिखाई दे रहा था।

पंजाब के अमृतसर और उत्तर प्रदेश के लखनऊ और वाराणसी में दृश्यता का स्तर 25 मीटर रहा। इसी तरह, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश के बरेली, बिहार के पूर्णिया और असम के तेजपुर में 50 मीटर और हरियाणा के अंबाला और राजस्थान के गंगानगर में यह 200 मीटर रहा।

आईएमडी के अनुसार, दृश्यता जब शून्य से 50 मीटर के बीच हो तो बहुत घना कोहरा, 51 से 200 मीटर के बीच घना कोहरा, 201 से 500 मीटर के बीच मध्यम और 501 से 1,000 मीटर के बीच हल्का कोहरा होता है।

आईएमडी ने कहा कि अगले तीन से चार दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सुबह बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Satta Bazar Favorite Team: राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

NAM vs SCO, 3rd T20I Match Live Score Update: नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में नामीबिया बनाम स्कॉटलैंड के बीच खेला जा रहा है तीसरा टी20 मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

RCB vs DC, IPL 2026 26th Match Scorecard: एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने रखा 176 रनों का टारगेट, फिलिप साल्ट ने खेली दमदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Key Players To Watch Out: आज सनराइजर्स हैदराबाद बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच होगा हाईवोल्टेज मुकाबला, इन स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी निगाहें