विदेश की खबरें | नेपाल में लोगों से ठगी करने के आरोप में भारतीय नागरिक समेत सात लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. नेपाल में एक चर्च से कथित तौर जादू टोना कर लोगों को उनके संकट और बीमारियों से निजात दिलाने का झांसा देकर ठगने के आरोप में एक भारतीय नागरिक समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
काठमांडू, आठ मार्च नेपाल में एक चर्च से कथित तौर जादू टोना कर लोगों को उनके संकट और बीमारियों से निजात दिलाने का झांसा देकर ठगने के आरोप में एक भारतीय नागरिक समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना हाल में सुदूर-पश्चिमी नेपाल के कैलाली जिले में घटित हुई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में जिले के टीकापुर स्थित अनुग्रह नेपाली चर्च का समन्वयक करण बीके भी शामिल है।
सहायक मुख्य जिला अधिकारी किरण जोशी के अनुसार, संदिग्धों को धोखाधड़ी के आरोप में हिरासत में लिया गया, जिन पर पांच और छह मार्च को आयोजित प्रार्थना सभाओं के माध्यम से बीमारियों को ठीक करने का वादा करके कथित तौर पर 600,000 नेपाली रुपये से अधिक की राशि एकत्र करने का आरोप है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये व्यक्तियों में से एक की पहचान भारतीय नागरिक बजिंदर सिंह के रूप में हुई है।
सिंह कथित तौर पर प्रार्थना सभा के दौरान दिव्यांगों को ठीक करने का दावा करते हुए भूत-प्रेत भगाने की क्रियाएं कर रहा था।
पुलिस उपाधीक्षक नवीन राजा बुधाथोकी ने बताया कि अब तक पुलिस ने करीब दो दर्जन पीड़ितों को पैसे लौटाए हैं। हालांकि, कई अन्य लोगों को अभी भी उनके पैसे वापस नहीं मिले हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)