देश की खबरें | महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले सात विधान पार्षदों ने शपथ ली

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों की घोषणा से कुछ घंटे पहले राज्यपाल द्वारा नियुक्त राज्य विधान परिषद के सात सदस्यों को मंगलवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

मुंबई, 15 अक्टूबर महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों की घोषणा से कुछ घंटे पहले राज्यपाल द्वारा नियुक्त राज्य विधान परिषद के सात सदस्यों को मंगलवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

सात नए विधान पार्षदों में से, भाजपा ने तीन को नामित किया है, वहीं एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दो-दो सदस्य हैं।

राज्यपाल छह साल के कार्यकाल के लिए 12 उम्मीदवारों को विधान पार्षद के रूप में नियुक्त कर सकते हैं।

सोमवार को राज्य मंत्रिमंडल ने 12 में से सात नामों को मंजूरी दे दी और राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन से मंजूरी प्राप्त कर ली। राज्यपाल की मंजूरी के साथ, राज्य सरकार ने विधान भवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया।

बाकी पांच पद रिक्त हैं। शिंदे की पार्टी शिवसेना ने पूर्व लोकसभा सदस्य हेमंत पाटिल और पूर्व विधान पार्षद मनीषा कायंदे को, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने धर्मगुरु बाबूसिंह महाराज राठौड़, चित्रा वाघ और विक्रांत पाटिल को चुना।

राठौड़ वाशिम स्थित पोहरादेवी संस्थान के प्रमुख हैं, जो गोर बंजारा समुदाय का एक प्रमुख संगठन है। वाघ भाजपा की महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष हैं और विक्रांत पाटिल राज्य महासचिव हैं।

राकांपा ने राज्य के कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल के बेटे पंकज भुजबल और सांगली, मिरज कुपवाड शहर महानगरपालिका के पूर्व महापौर इदरीस नाइकवाड़ी को चुना। महाराष्ट्र विधान परिषद के कुल सदस्यों की संख्या 78 है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\